सारनाथ, गोंदिया- बरौनी, साउथ बिहार का 4 नंवबर से प्लेटफाॅर्म बदला, दीपावली-छठ पर रायपुर रेलमंडल के विशेष कदम
रायपुर रेल मंडल ने दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बिहार जाने वाली तीन ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले और सात पैसेंजर ट्रेनों में कोच बढ़ाए।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 05:53:58 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 06:20:13 PM (IST)
रायपुर रेलवे स्टेशन तस्वीर। - अर्काइवHighLights
- बिहार जाने वाली तीन ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले
- सात पैसेंजर ट्रेनों में दो अतिरिक्त कोच लगेंगे
- त्योहारी सीजन में यात्रियों के लिए विशेष प्रबंध
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने दीपावली और महापर्व छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में उमड़ने वाली भीड़ और क्राउड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए कदम उठाए हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन पर दिनांक चार नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक बिहार की ओर जाने वाली तीन ट्रेनों का संचालन रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से किया जाएगा। इस बदलाव से मुख्य स्टेशन भवन पर पड़ने वाले यात्री दबाव को कम करने में भी काफी मदद मिलेगी।
इनमें ट्रेन नंबर 15160 दुर्ग छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 15232 गोंदिया बरौनी एक्सप्रेस तथा ट्रेन नंबर 13287 दुर्ग आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पष्ट किया है कि इस अवधि के दौरान यात्रा करने वाले यात्री गुढ़ियारी साइड स्थित प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंचकर अपनी यात्रा सुगमता से कर सकेंगे।
सात पैसेंजर ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच
लंबी दूरी की गाड़ियों के अलावा स्थानीय और दैनिक यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ख्याल रखा गया है। त्योहारी भीड़भाड़ के बीच यात्रियों को सफर करने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत चलने वाली सात प्रमुख पैसेंजर ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच जोड़े जा रहे हैं। यह व्यवस्था 5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
इन ट्रेनों में बढ़ेगी सुविधा
सभी चयनित सात पैसेंजर ट्रेनों में दो- दो अतिरिक्त सामान्य कोच लगाए जाएंगे। इनमें ट्रेन नंबर 58201 बिलासपुर रायपुर पैसेंजर, 58202 रायपुर बिलासपुर पैसेंजर, 58207 रायपुर जूनागढ़ रोड पैसेंजर, 58208 जूनागढ़ रोड रायपुर पैसेंजर, 58204 रायपुर कोरबा पैसेंजर, 58205 रायपुर नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पैसेंजर तथा 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी रायपुर पैसेंजर शामिल हैं। इन अतिरिक्त कोचों के जुड़ने से छोटे स्टेशनों और ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों को भारी राहत मिलेगी।
क्राउड मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
त्योहारी सीजन के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के सुचारू आवागमन और सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंडल रेल प्रबंधक की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ का प्रभावी प्रबंधन किया जाए। इसके लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, सहायता डेस्क, और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की भगदड़ या असुविधा से बचा जा सके। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और समय से पहले स्टेशन पहुंचें ताकि त्योहार का यह पावन अवसर बिना किसी परेशानी के संपन्न हो सके।