नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में मूसलाधार बारिश के चलते मुख्य सड़कों पर जलभराव हो गया जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज अंधड़ को लेकर यलो और आरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ और बस्तर-सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में जलभराव और प्रभावित जनजीवन
राजधानी रायपुर में लगातार हुई झमाझम बारिश के बाद नगर निगम के जल-निकासी के दावों की पोल पूरी तरह खुल गई। शहर के कई मुख्य मार्गों और निचली बस्तियों में घुटनों तक पानी भर गया। भामाशाह छात्रावास टिकरापारा, संतोषी नगर, बोरियाखुर्द मार्ग, माना, शास्त्री बाजार, प्रोफेसर कॉलोजन, तेलघानी नाका अंडरब्रिज, स्टेशन रोड और रिंग रोड-1 पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी
40 से 60 किमी प्रति घंटे की आंधी और वज्रपात की चेतावनी: रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, बलौदा बाजार, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और कोरबा जिलों में इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है।
30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा और बारिश: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है। साथ ही बस्तर व सरगुजा संभाग में मध्यम से भारी वर्षा का दौर जारी है।