
रायपुर। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना से प्रदेश के 500 निजी अस्पतालों ने नाता तोड़ लिया है। सोमवार से 95 फीसद अस्पतालों में इस योजना का स्मार्ट कार्ड लेकर आने वाले मरीजों को लौटा दिया जाएगा या फिर यह कहा जाएगा कि वे पैसा जमा करवाकर इलाज करें।
संभव है कि सोमवार से आइएमए, हॉस्पिटल बोर्ड के इस फैसले से मरीजों को बड़ा खामियाजा भुगतना होगा। ऐसी स्थिति में सिर्फ सरकारी अस्पताल में ही योजना के तहत इलाज मिलेगा। आइएमए के इस फैसले के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक बातचीत की कोई पहल नहीं की है।
बड़ा सवाल यह है कि पांच लाख रुपये तक के इलाज की इस योजना, जिसकी घोषणा 14 अप्रैल को सबसे पहले छत्तीसगढ़ के जांगला से पीएम मोदी ने की थी, 16 सितंबर को सीएम ने राज्य में इसे लागू किया था, अब इस पर ताला लग गया है। डॉक्टर की मुख्य मांग है पैकेज रेट को बढ़ाएं...।
जरूरतमंदों का यही था सहारा- पहले आरएसबीवाइ के तहत 30 हजार का इलाज होता है, अब वही योजना आयुष्मान भारत हो चुकी है। जरूरतमंद लोग जो इलाज के लिए निजी अस्पताल का रुख नहीं कर पाते थे, यह उनके लिए वरदान है, लेकिन वे कहां जाएं?
सीएम के कार्यक्रम में नहीं पहुंचे अस्पताल संचालक
रविवार को आयुष्मान भारत योजना का कार्यक्रम रायपुर न्यू सर्किट हाउस में रखा गया था। सीएम डॉ. रमन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर इस कार्यक्रम में मौजूद थे। आइएमए, हॉस्पिटल बोर्ड और अस्पताल संचालकों को निमंत्रण भेजा गया था।
आइएमए अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी और एक निजी अस्पताल के डॉक्टर मौजूद थे। शेष कोई नहीं आया। ये भी बीच कार्यक्रम में उठकर चले गए। सूत्र बताते हैं कि शहर के बड़े अस्पतालों ने केंद्र की इस योजना से किनारा कर लिया है, जो साथ हैं उनकी संख्या दो-चार है। बड़े अस्पतालों में से दो में तो आरएसबीवाइ, एमएसबीवाइ योजना भी नहीं थी।
आइएमए अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी का तमाम डॉक्टर्स को पत्र, लिखा प्रिय साथियो
- सॉफ्टवेयर के कारण बहुत समय लगता है। मरीजों को भर्ती किया गया लेकिन डिस्चार्ज के समय सॉफ्टवेयर के द्वारा डिस्चार्ज नहीं कर पाए, इसलिए क्लेम नहीं बना। जिसकी वजह से पैमेंट नहीं मिला।-जटिलता इतनी है कि डॉक्टर्स को इलाज करने के लिए समय नहीं मिल पा रहा है।
- पैकेज रेट कम।
- छोटे अस्पताल को योजना में शामिल नहीं किया गया है।
- शासकीय और निजी अस्पतालों को योजना में शामिल करने के मापदंड अलग-अलग हैं, जबकि पैकेज रेट बराबर हैं।शासकीय अस्पतालों में जनता के पैसे से चलते हैं जबकि निजी अस्पताल को स्वयं को चलना पड़ता है।
- आयुष्मान मित्र की समस्या, इंश्योरेंश कंपनी द्वारा किए गए ऑडिट में अव्यावहारिकता है।
आमने-सामने
इस पैकेज रेट पर इलाज मुमकिन नहीं
बहुत सारी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनके समाधान के लिए आइएमए और स्वास्थ्य विभाग बैठकर चर्चा कर चुके हैं, लेकिन समस्याएं जस की तस हैं। ऐसे में काम करना मुमकिन नहीं है। मजबूरी में इलाज बंद करने का कड़ा फैसला लेना पड़ा है। - डॉ. अशोक त्रिपाठी, अध्यक्ष, आइएमए
सभी पैकेज रेट आरएसबीवाइ के हैं
देखिए, जो आरएसबीवाइ के पैकेज रेट थे वही रेट तो आयुष्मान में हैं। मानता हूं कि सॉफ्टवेयर प्रॉब्लम है, उसे सॉर्टआउट किया जा रहा है। अभी तक पांच हजार मरीजों का इलाज हुआ और सभी क्लेम का पैमेंट हो चुका है। हम प्रयासरत हैं कि समाधान हो जाए। चर्चा जारी है। - आर. प्रसन्ना, आयुक्त, स्वास्थ्य विभाग