सावन के पवित्र मास में बाबाधाम जाना हुआ आसान, मधुपुर के लिए विशेष ट्रेन 1 अगस्त से
श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी और मधुपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पांच फेरे लगाएगी और रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसमें कुल 20 कोच होंगे, जिससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी।
Publish Date: Sun, 26 Jul 2026 02:37:17 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Jul 2026 02:37:17 PM (IST)
रेल सेवा की प्रतीकात्मक तस्वीर। अर्काइव नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए श्रावणी मेला के दौरान गाड़ी संख्या 08895/08896 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के मध्य साप्ताहिक श्रावणी मेला विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 05-05 फेरे लगाएगी, जिससे छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग सहित कई अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी।
जारी की गई समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08895 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन दिनांक 01 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। यह ट्रेन इतवारी से सुबह 04:30 बजे प्रस्थान कर गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 06:00 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
दो से 30 अगस्त तक वापसी के फेरे
इसी प्रकार, वापसी की दिशा में गाड़ी संख्या 08896 मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी साप्ताहिक विशेष ट्रेन दिनांक 02 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार को मधुपुर से सुबह 09:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन निर्धारित मध्यवर्ती स्टेशनों और छत्तीसगढ़ के प्रमुख स्टेशनों जैसे ब्रजराजनगर, बेलपहाड़, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया से गुजरते हुए अगले दिन 11:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुंचेगी।
20 कोच लगेंगे विशेष ट्रेन में
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोचों का संयोजन किया गया है। इसमें 04 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान, 04 सामान्य श्रेणी और 02 एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज एवं दिव्यांगजन) कोच शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यात्रा करने से पहले यात्री अपनी यात्रा की योजना के अनुसार ट्रेन के समय और ठहराव की सटीक जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से प्राप्त कर सकते हैं ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।