
रायपुर। चुनावी साल में सरकारी कर्मचारियों ने मोर्चा खोलकर सरकार की परेशानी बढ़ा दी है। अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर बुधवार को प्रदेश के सभी 27 जिलों में कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल पर रहे।
कई दफ्तरों में कर्मचारियों ने ताला जड़ दिया और चाबी विभाग प्रमुख को सौंप रैली की शक्ल में नारा लगाते धरना देने चले गए। जिला कार्यालयों में पानी पिलाने और दफ्तर खुला रखने के लिए नगर सैनिकों की ड्यूटी लगानी पड़ी। दफ्तरों में फाइलें नहीं चलीं और कोई भी काम नहीं हो पाया। दूरदराज से सरकारी दफ्तरों में पहुंचे आम लोगों को भी निराश लौटते देखा गया।
राजधानी रायपुर में संचालनालय समेत तमाम दफ्तर बंद रहे। विधानसभा के मानसून सत्र को देखते हुए मंत्रालय के कर्मचारियों ने हड़ताल नहीं की लेकिन हड़ताल का असर मंत्रालय के कामकाज पर भी दिखा। सभी जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन किया गया।
कर्मचारियों ने सरकार को 2013 के चुनावी घोषणापत्र की याद दिलाई और चेतावनी दी कि उन वादों का तत्काल पूरा न किया गया तो वे बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। अकिारी कर्मचारी फेडरेशन में शामिल 27 कर्मचारी संगठनों से जुड़े हजारों कर्मचारी राजधानी के बूढ़ातालाब स्थित धरनास्थल पर जुटे।
फेडरेशन के संयोजक सुभाष मिश्रा, संचालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रवक्ता विजय झा, कमल वर्मा समेत अन्य कर्मचारी नेताओं ने सभा में कहा कि पहले 12 जून को आंदोलन विकास यात्रा को देखते हुए स्थगित किया गया था। लेकिन अब आरपार की लड़ाई होगी। कर्मचारी सातवें वेतनमान का 18 महीने का एरियर्स, महंगाई भत्ता में वृद्धि, लंबित डीए का भुगतान और पेंशन की पात्रता 33 की जगह 25 साल करने की मांग कर रहे हैं।