सिंगापुर में छत्तीसगढ़ को मिले 43 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, एनर्जी कैपिटल तैयार करेगी100 मेगावाट की क्षमता वाला एआई डेटा सेंटर
सिंगापुर में आयोजित सिंग फोरम में छत्तीसगढ़ को 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इसमें 41,750 करोड़ का निवेश एनर्जी कैपि...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 05 Oct 2026 07:50:34 PM (IST)Updated Date: Mon, 05 Oct 2026 07:56:33 PM (IST)
सिंगापुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय निवेश का आमंत्रण पत्र सौंपते हुए। -डीपीआरHighLights
- सिंगापुर फोरम में 43 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव
- प्रदेश के सौर ऊर्जा क्षेत्र में पंद्रह सौ करोड़ निवेश
- बनेगा सौ मेगावाट क्षमता का एआई डेटा सेंटर
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ ने डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाते हुए सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फार ग्रोथ (SING) फोरम-2026 में 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआइ) के निवेश प्रस्ताव हासिल किए हैं। इसमें सबसे बड़ा 41,750 करोड़ रुपये का निवेश सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल पीटीई लिमिटेड करेगी। कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआइ-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल सिंग फोरम में शामिल हुआ। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर छत्तीसगढ़ की इस फोरम में भागीदारी हुई। मुख्यमंत्री ने एनर्जी कैपिटल ग्लोबल को निवेश के लिए आमंत्रण पत्र भी सौंपा।
100 मेगावाट का होगा डेटा सेंटर
सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एआइ-रेडी डेटा सेंटर और उसके लिए स्वच्छ ऊर्जा विकसित करने वाली कंपनी है। कंपनी की सिंगापुर के अलावा भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और आस्ट्रेलिया में मौजूदगी है। कंपनी के सीईओ स्टेनिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डेटा सेंटर विकसित करने के लिए राज्य के पास आवश्यक बिजली, भूमि और निवेश अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं। उन्होंने इसे मध्य भारत का सबसे बड़ा एआइ-रेडी डेटा सेंटर कैंपस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सौर ऊर्जा क्षेत्र में 1500 करोड़ का निवेश
फोरम में छत्तीसगढ़ को सोलर सेक्टर के लिए सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से 1500 करोड़ रुपये के एफडीआइ निवेश का प्रस्ताव भी मिला। इसमें बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स का विकास शामिल है। राज्य में पहले से भारत का पहला एआइ डेटा सेंटर पार्क मौजूद है। नए निवेश से छत्तीसगढ़ के डिजिटल और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
18 महीने में आठ लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री साय ने फोरम में कहा कि विदेशी निवेशकों का भरोसा छत्तीसगढ़ की नीतियों, क्षमता और मानव संसाधन में बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने 450 से अधिक सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों की समस्याओं को सीधे समझकर व्यवस्था में बदलाव कर रही है। इन सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय प्रशासन के परिणामस्वरूप पिछले 18 महीनों में राज्य को आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
उद्योगों की जरूरत के अनुसार बदल रहे नियम
मुख्यमंत्री साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। इसका संचालन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन ने किया। साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुधार केवल बंद कमरों में चर्चा के आधार पर नहीं किए जा रहे हैं, बल्कि उद्योगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के अनुरूप व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है।
शामिल हुईं सिंगापुर की राज्यमंत्री
फोरम में सिंगापुर सरकार की विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्यमंत्री गण सियो हुआंग बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुईं। मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले जैसी वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
छह अक्टूबर को सीईओ राॅउंडटेबल
मुख्यमंत्री ने फोरम के दौरान एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज पीटीई लिमिटेड के प्रतिनिधियों से अलग-अलग मुलाकात की। इनमें औद्योगिक क्षेत्रों में अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री छह अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रमुखों के साथ सीईओ राउंडटेबल में शामिल होंगे।