सांगठनिक बैठक में स्मृति इरानी का संदेश: दूरियां खत्म करें, सांसद- विधायकों के फोन उठाएं मंत्री, दिवाली में सामूहिक भोज करें
छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने रायपुर प्रवास के दौरान सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया। विधायकों और सांसदों द्वारा मंत्रियों के कामकाज तथा फोन न उठाने की शिकायतों पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। इरानी ने जनप्रतिनिधियों को जनता से जुड़ने और आगामी दिवाली पर सामूहिक भोज आयोजित करने के निर्देश दिए।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 05:39:40 PM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 05:40:51 PM (IST)
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी स्मृति इरानी पार्टी के संस्थापकों के चित्र पर माल्यार्पण करती हुईं। - भाजपाHighLights
- सत्ता और संगठन में तालमेल पर स्मृति सख्त
- मंत्रियों द्वारा फोन न उठाने की शिकायत आई
- दीवाली पर जनता संग सामूहिक भोज के निर्देश
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी के दो दिवसीय रायपुर प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर सांगठनिक बैठकों का दौर जारी रहा। सोमवार को प्रवास के दूसरे दिन सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय सांगठनिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की कमी को लेकर चर्चा हुई, जिस पर प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर ही काम करना होगा।
फोन न उठाने और अनदेखी का उठा मुद्दा
बैठक के दौरान कई पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों ने मंत्रियों के रवैये को लेकर नाराजगी जताई। सांसदों और निगम-मंडल के प्रतिनिधियों का आरोप था कि कुछ मंत्री जनसमस्याओं और कार्यकर्ताओं के कामों को लेकर गंभीर नहीं हैं। यहां तक कि पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के फोन तक नहीं उठाए जाते हैं।
प्रभारी की हिदायत
स्मृति इरानी ने सभी जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे कार्यकर्ताओं व वरिष्ठ नेताओं से दूरियां खत्म करें और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें।
शिकायतों पर मंत्रियों की प्रतिक्रिया
बैठक के बाद जब मंत्री रामविचार नेताम से विधायकों व कार्यकर्ताओं की नाराजगी के संबंध में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से "नो कमेंट्स" कहकर चुप्पी साध ली। वहीं, मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "जिसके पास दायित्व होता है, उसके खिलाफ थोड़ी-बहुत शिकायतें होना स्वाभाविक है।"
दिवाली पर जनता के साथ भोज का निर्देश
सभी भाजपा विधायक और मंत्री आगामी दिवाली त्योहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक भोज का आयोजन करें। इस भोज में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए, ताकि सरकार, संगठन और आम जनता के बीच की दूरियों को समय रहते खत्म किया जा सके।
मिशन 2028 के रोडमैप में जुटीं
रविवार को भी इरानी ने करीब 9 घंटे तक मैराथन बैठकें ली थीं। सोमवार दोपहर 3 बजे भाजपा कोर ग्रुप की एक और महत्वपूर्ण बैठक हुई। शाम 4:30 बजे 'विचार परिवार' के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। स्मृति इरानी राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और 2028 में पुनः भाजपा सरकार बनाने के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार करने में जुटी हैं।