
संदीप तिवारी. रायपुर (नईदुनिया)। कोई ऐसा राजनीतिक खानदान, जिसक पास न तो अच्छा घर हो और न ही अकूत दौलत, यह आपके लिए अकल्पनीय हो सकता है, लेकिन यह हकीकत है। हम बात कर रहे हैं प्रदेश के माटीपुत्र, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. रेशमलाल जांगड़े और उनके परिवार की। स्व. जांगड़े देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में सांसद थे। साथ ही डा. भीमराव आंबेडकर के समकालीन सांसद थे।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की पृष्ठभूमि वाले स्व.जांगड़े की ताउम्र समाजसेवा, सादगी और ईमानदारी की कहानी उनके पुत्र हेमचंद्र जांगड़े ने अपनी पीएचडी की थिसिस 'छत्तीसगढ़ के विकास में रेशमलाल जांगड़े का योगदान" में लिखी है। स्व. जांगड़े की जीवनी से त्याग, तपस्या और देशभक्ति की प्रेरणा मिलती है। सांसद-विधायक रहने के दौरान उन्हें जो तनख्वाह मिलती रही, उसे भी उन्होंने 19 छात्रावासों के विद्यार्थियों के गणवेश, फीस व समाज सुधारने में लगा दिया।
हेमचंद्र जांगड़े बताते हैं- 'जब मैं 11वीं कक्षा में था तो मां ने पिता से कहा कि इसका जाति प्रमाणपत्र बनवा दीजिए। उस समय पिता को यह भी पता नहीं था कि उनका बेटा यानी मैं किस स्कूल में पढ़ता हूं।" स्व. जांगड़े परिवार और समाज को एक ही तराजू पर रखते थे, राजनीतिक कम, समाज सुधारक अधिक थे।
समाज सुधारने को कानून बनवाया, संपत्ति नहीं
स्व. रेशमलाल जांगड़े ने 1954 में अस्पृश्यता (भेदभाव) रोकने के कानून का प्रस्ताव रखा था। 1955 में सिविल अधिकार संरक्षण अधिनियम पारित किया गया। वह चार बार सांसद (1950, 1952,1972 और 1989), तीन बार विधायक रहे, फिर भी उन्होंने संपत्ति नहीं बनाई। 1950 में अंतरिम संसद में वह सांसद चुने गए थे। दो साल बाद पहली लोकसभा 1952 में वह निर्वाचित सांसद रहे। 13 मई, 2012 को तब की राष्ट्रपति स्व. प्रतिभा पाटिल ने उन्हें सम्मानित किया था।

4 संसद जिनका सम्मान हुआ था। 13 मई 2012 को संसद के प्रथम लोकसभा के संसद की 60वीं चार सांसदों का सम्मान। -फाइल फोटो
1925 में जन्मे थे रेशमलाल जांगड़े
बलौदाबाजार से लगे बिलाईगढ़ के परसाडीह गांव में 15 फरवरी, 1925 को जन्मे जांगड़े का गांव में मकान था, जो खंडहर हो चुका है। स्व. जांगड़े ने लारी हाईस्कूल (अब सप्रे शाला) में पढ़ाई की। छत्तीसगढ़ कालेज से बीए, 25 की उम्र में नागपुर से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।

13 मई 2012 को संसद में प्रथम लोकसभा के सदस्य स्वर्गीय रेशम लाल जांगड़े को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने किया था सम्मानित। -फाइल फोटो
आज की राजनीति में बढ़ा धन का महत्व : हेमचंद्र
उनके छोटे बेटे हेमचंद्र गांव की चार एकड़ पुश्तैनी जमीन में खेतीबाड़ी करते हैं। वे कहते है कि आज की राजनीति में धन का महत्व और भ्रष्टाचार बढ़ गया है, लेकिन उनके पिता में नैतिकता थी। पिता के आदर्शों पर चलते हुए हेमचंद्र भी आगे चलकर राजनीति के सहारे जनसेवा करना चाहते हैं। लेकिन हेमचंद्र को इस बात का मलाल है कि आज तक उनके पिता के नाम पर कोई स्मारक तक नहीं है।
.jpg)
हेमचंद्र ने 'छत्तीसगढ़ के विकास में रेशमलाल जांगड़े का योगदान" विषय पर पीएचडी पूरी की। यह शोध शासकीय वल्लभाचार्य कालेज महासमुंद की डा. मालती तिवारी के निर्देशन और डा. सुभाष चंद्राकर दुर्गा कालेज रायपुर के सह निर्देशन में पूरा हुआ है। इस थिसिस को अब वह किताब के रूप में प्रकाशित भी कराएंगे।
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के समय चर्चा में आए
स्व. जांगड़े के स्वजन रायपुर के बैरनबाजार में एक सरकारी क्वार्टर में रहते हैं, जहां तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार आई थीं। राजातालाब में महज 550 वर्गफीट का प्लाट है, जिसमें 350 वर्गफीट में दो कमरे बने हुए हैं। वह भी जर्जर हो चुके हैं। 2014 में उनका में निधन हो चुका है। बैरनबाजार में छोटे से मकान में जांगड़े की पत्नी कमला जांगड़े व उनके स्वजन रहते हैं।

भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद के साथ स्वर्गीय रेशम लाल जांगड़े। -फाइल फोटो