CG Weather Update: छत्तीगसढ़ के दक्षिणी इलाके में आंधी- बारिश और बिजली गिरने के आसार
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। 15 अक्टूबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 09:20:43 AM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 09:29:37 AM (IST)
छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट की प्रतीकात्मक तस्वीर। अर्काइवHighLights
- दक्षिण छत्तीसगढ़ में आंधी बारिश का अलर्ट जारी
- तेज हवाओं संग आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
- अंबिकापुर सबसे गर्म पेंड्रारोड में सर्वाधिक ठंड दर्ज
डिजिटल टीम, नईदुनिया. रायपुर। छत्तीसगढ़ में विदाई की ओर बढ़ रहे मानसून के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 अक्टूबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इस दौरान राज्य के दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
विभाग ने विशेष रूप से वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। आगामी दो दिनों तक प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी जारी रहने वाली है और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में दो बड़े चक्रवाती घेरे सक्रिय हैं, जो राज्य के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। पहला चक्रवाती परिसंचरण कोमोरिन क्षेत्र से मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी होते हुए ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर फैला हुआ है। वहीं, दूसरा चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इन दोनों प्रणालियों के असर से राज्य में नमी का स्तर बढ़ रहा है, जिससे दक्षिणी और मध्य भागों में मेघगर्जन की स्थितियां निर्मित हो रही हैं।
अंबिकापुर में 33.1 डिग्री पारा, पेंड्रा रोड में सबसे सर्द रात
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा, हालांकि राजनांदगांव जिले में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो सरगुजा संभाग का अंबिकापुर 33.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। दूसरी ओर, बिलासपुर संभाग के पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान गिरकर 18.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम था। ग्रामीण और वनांचल इलाकों में रात के समय गुलाबी ठंड का अहसास गहराने लगा है।
रायपुर में दोपहर बाद छाएंगे बादल
राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 15 अक्टूबर को सुबह आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
नागरिकों और किसानों के लिए जरूरी सावधानी
मौसम विभाग ने वज्रपात की आशंका को देखते हुए ग्रामीण और शहरी नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। आंधी और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों, जर्जर दीवारों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। किसान भाई खलिहानों में रखी कटी हुई धान की फसल को तिरपाल आदि से सुरक्षित ढककर रखें, ताकि अचानक होने वाली बारिश से उपज को नुकसान से बचाया जा सके।