सड़क पर उतरे कबीरधाम एसपी, इंटरसेप्टर की सीट पर बैठ सड़क सुरक्षा को लेकर दिया सख्त संदेश
कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने सड़क सुरक्षा को लेकर खुद कमान संभाल ली है। उन्होंने अंबेडकर चौक पर इंटरसेप्टर वाहन की सीट पर बैठकर आधुनिक उपकरणों के जरिए नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की। एसपी की इस सक्रियता से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और दिनभर शहर में इसकी चर्चा रही।
By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 02:31:09 PM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 02:31:06 PM (IST)
एसपी इंटरसेप्टर में बैठ कर कार्रवाई का निरीक्षण करते हुए। नईदुनिया नईदुनिया प्रतिनिधि, कवर्धा। कबीरधाम जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सड़क पर एक ऐसा अनूठा दृश्य देखने को मिला, जिसने राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक सभी को हैरान कर दिया। जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेन्द्र सिंह इस बार केवल निरीक्षण करने के लिए नहीं निकले थे, बल्कि उन्होंने स्वयं इंटरसेप्टर वाहन की सीट संभाली। उन्होंने आधुनिक तकनीकी उपकरणों का संचालन करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की पहचान की और उन पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई भी की।
कप्तान को सामने देख चौंक गए वाहन चालक
सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एसपी धर्मेन्द्र सिंह स्वयं अंबेडकर चौक पहुंचे। उन्होंने इंटरसेप्टर वाहन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले चालकों को चिन्हित कर ऑनलाइन चालान जारी किए गए। कई वाहन चालक उस समय चौंक गए जब उन्हें पता चला कि उनके खिलाफ हो रही कार्रवाई की निगरानी खुद जिले के कप्तान कर रहे हैं।
तकनीक से बढ़ेगी कड़ी निगरानी
निरीक्षण के दौरान एसपी ने ऑनलाइन चालान प्रणाली और सड़क सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) पर विशेष नजर रखी जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख चौक-चौराहों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नियमों के प्रति शिक्षित करने पर जोर दिया।
शहर में दिनभर बनी रही चर्चा
अंबेडकर चौक पर इंटरसेप्टर वाहन में बैठे पुलिस अधीक्षक का यह रूप दिनभर पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने इसे सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की गंभीरता और सक्रियता का एक बड़ा एवं सकारात्मक प्रतीक बताया है।
दुर्घटना केवल आंकड़ा नहीं, परिवार का दर्द
"सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि ये किसी हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लेती हैं। अधिकांश हादसे लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने जैसे बुनियादी सुरक्षा उपायों का पालन करे, तो कई मासूम जानें बचाई जा सकती हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना या राजस्व वसूलना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन की रक्षा करना है।"
— धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम
जागरूकता और कार्रवाई साथ-साथ
"कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी बेहद आवश्यक है। इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से नियम तोड़ने वालों की प्रभावी निगरानी की जा रही है और यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।"
— पुष्पेन्द्र सिंह, आरआई एवं जिला यातायात प्रभारी