
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के सेरीखेड़ी रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर काम कर रहे तीन मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में राजस्थान निवासी कपिल सैनी उर्फ गोलू (24) और पिंटू माली (45) की मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर थनवा घायल हो गया। दोनों मृतक राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के श्यारोली क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे की है। ग्राम सेरीखेड़ी में रेलवे ओवरब्रिज के उतार पर एनएच-53 के बीच बने सीमेंट के डिवाइडर पर मजदूर पेंटिंग का काम कर रहे थे। इस दौरान सुरक्षा के लिए सड़क पर स्टापर लगाए गए थे। मजदूर सड़क के बीचोंबीच काम कर रहे थे, तभी आरंग की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक अज्ञात वाहन स्टापर को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और काम कर रहे मजदूरों को कुचल दिया।
हादसे में कपिल सैनी उर्फ गोलू, पिंटू माली और थनवा को चोटें आईं। घायल कपिल को उपचार के लिए मंदिरहसौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं पिंटू माली को उपचार के लिए डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान 29 अक्टूबर की सुबह उसकी मौत हो गई। तीसरे मजदूर थनवा को हल्की चोटें आई हैं और उसका उपचार डीकेएस अस्पताल में चल रहा है।