
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय और निजी फिजियोथेरेपी महाविद्यालयों में बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (बीपीटी) पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए काम की खबर है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (डीएमई) ने शैक्षणिक सत्र के लिए रिक्त बची सीटों को भरने के उद्देश्य से चौथे चरण यानी 'स्ट्रे वैकेंसी राउंड' का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। माॅप-अप राउंड की समाप्ति के बाद भी प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में कुल 36 सीटें खाली रह गई हैं, जिन पर अब सीधे प्रवेश दिया जाएगा।
डीएमई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, नए पात्र अभ्यर्थी 28 अक्टूबर सुबह 11 बजे से 29 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसी निर्धारित समय-सीमा के भीतर उम्मीदवारों को महाविद्यालयों की प्राथमिकताओं का चयन कर अपनी च्वाइस को लॉक करना होगा। काउंसलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि तय समय के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी स्थिति में अतिरिक्त समय या ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
इस चरण में पूर्व में पंजीकृत ऐसे सभी उम्मीदवार भाग ले सकते हैं, जिन्हें काउंसलिंग के पिछले किसी भी चरण में कोई सीट आवंटित नहीं हुई है। हालांकि, काउंसलिंग समिति ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पूर्व में भरे गए कॉलेज विकल्प अब पूरी तरह निष्प्रभावी हो चुके हैं। इसलिए पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों को भी पोर्टल पर लॉगिन करके नए सिरे से च्वाइस फिलिंग कर उसे लॉक करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में निःशुल्क संशोधन की सुविधा दी गई है, लेकिन नीट डेटा, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी में कोई बदलाव नहीं होगा।
प्रदेश के आठ प्रमुख फिजियोथेरेपी कॉलेजों में 36 सीटें खाली हैं। इनमें दुर्ग स्थित निजी अपोलो कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी में सबसे ज्यादा 13 सीटें (6 स्टेट कोटा, 7 मैनेजमेंट कोटा) उपलब्ध हैं। इसके अलावा शासकीय कॉलेजों में जशपुर में 8, मनेंद्रगढ़ में 7, जगदलपुर में 4 तथा रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और दुर्ग के शासकीय महाविद्यालयों में 1-1 सीट खाली है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए अधिकृत वेबसाइट www.cgdme.in और cgdme.admissions.nic.in पर जा सकते हैं।