
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के पुराने संगठनात्मक कार्यक्रम के वीडियो और फोटो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में सिविल लाइंस पुलिस ने तीन सोशल मीडिया हैंडल से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
भाजपा की ओर से दी गई शिकायत और उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और एक्स हैंडल जेन जी आफ इंडिया को प्रकरण में आरोपित बनाया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धमतरी जिले के कुरुद में 22 मार्च 2026 को आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान पार्टी का झंडा फहराए जाने के फोटो और वीडियो को 15 अगस्त 2026 का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
पोस्ट में कथित तौर पर यह दावा किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर पार्टी का झंडा फहराया। भाजपा ने इसे पुराने वीडियो को नए संदर्भ में प्रस्तुत कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास बताया है।
एफआईआर में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। शिकायत में संबंधित पोस्ट, वीडियो और फोटो के डिजिटल साक्ष्य, मेटाडेटा तथा अपलोडिंग से जुड़ी तकनीकी जानकारी सुरक्षित कर जांच करने की मांग की गई है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट के स्रोत, प्रसारण और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी।