
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रदेश साहू संघ का चुनाव भामाशाह छात्रावास टिकरापारा में संपन्न हुआ। इसमें प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों ने मतदान किया। कुल 113 पदाधिकारियों ने मतदान किया। इसमें अध्यक्ष पद पर टहल सिंह साहू, उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू एवं मोहन कुमारी साहू (महिला वर्ग से) चुने गए।
उल्लेखनीय है कि पूर्व अध्यक्ष अर्जुन हिरवानी के निधन के कारण समय से छह माह पहले चुनाव कराया गया। प्रदेशभर से साहू समाज के पदाधिकारी उपस्थित हुए थे इसलिए चुनाव में गहमा-गहमी का माहौल रहा।
छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े साहू समाज का चुनाव काफी प्रतिष्ठापूर्ण रहा। चुनाव संपन्न कराने में प्रदेश साहू संघ के निर्वाचन अधिकारी रमेश कुमार साहू, सहायक निर्वाचन अधिकारी नंदकुमार साहू, आनंद राम साहू, नंदकुमार साहू, सुशीला साहू का विशेष योगदान रहा। इस चुनाव के लिए कुल 113 लोग मतदान के पात्र थे और सभी ने अपने मत का प्रयोग किया। कुल 112 मत वैध पाए गए। एक मत तीनों पदों के लिए निरस्त घोषित किया गया।
अध्यक्ष के लिए कुल पांच प्रत्याशी मैदान में थे। पुरुष उपाध्यक्ष के लिए भी पांच प्रत्याशी और महिला उपाध्यक्ष के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें अध्यक्ष के लिए टहल सिंह साहू (बालोद) को 57 मत, शांतनु साहू (रायपुर) को 47 मत, मेघराज साहू (रायपुर) को तीन, धनंजय साहू (बलौदाबाजार) को तीन और बरसाती साहू (रायपुर) को दो मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष (पुरुष) के लिए भुनेश्वर साहू (गरियाबंद) को 49, डॉ. दूजेराम साहू रायपुर को एक, गोविंद साहू मेघावाले-धमतरी को नौ, पुरुषोत्तम साहू रायगढ़ को 40, विनोद कुमार गुप्ता साहू बलरामपुर को सात मत मिले।
महिला उपाध्यक्ष के लिए चार उम्मीदवार थे, इसमें चंद्रकुमारी (मैना) साहू भिलाई को 44, मोहन कुमार साहू जांजगीर-चांपा को 58, रोहिणी साहू रायपुर को एक और त्रिवेणी साहू रायपुर को नौ मत मिले।