
भिलाई/रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भिलाई-खुर्सीपार से शनिवार को राहत वाली की थी। मौतों का अनवरत जारी सिलसिला रूक गया व नए मरीज नहीं है। अभी भी 595 मरीज भर्ती हैं, जिनमें 35 की हालात गंभीर बनी हुई है। रायपुर के निजी अस्पतालों में भी गंभीर मरीजों का इलाज जारी है। 27 मौतों के बाद स्थिति संभलती दिख रही है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को अतिरिक्त डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ तैनात किए। भिलाई से राहत लेकिन रायपुर में डेंगू से एक किशोरी की मौत की खबर आई। डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल में महासमुंद निवासी 15 वर्षीय माहेश्वरी ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल प्रबंधन डेंगू की पुष्टि नहीं कर रहा है, क्योंकि एलाइजा टेस्ट रिपोर्ट नहीं आइ थी। परिजनों ने डेंगू की बात कही है। माहेश्वरी को आइसोलेटेड वार्ड में रखा गया था। भिलाई में शासन-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कवायद के बाद डेंगू नियंत्रण में आ रहा है, लेकिन अभी मरीजों के मिलने का सिलसिला टूटा नहीं है। भिलाई में 31 जुलाई से अब तक 27 मौतें हो चुकी है। डेंगू से प्रभावित 2721 लोग भर्ती किए, जिनमें 2126 डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। 595 डेंगू प्रभावितों का इलाज जारी है।