
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। गणेश चतुर्थी और तीजा जैसे महत्वपूर्ण और बड़े त्योहारों की रौनक के बीच रेल यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। रेल मंडल में अधोसंरचना विकास के कार्यों के चलते 10 लोकल ट्रेनों को रद कर दिया गया है, इसकी वजह से यात्रियों की मुश्किलें अचानक बढ़ गई हैं।
उरकुरा स्टेशन के यार्ड रीमाडलिंग और उरकुरा (ईस्ट)- रायपुर स्टोर डिपो दोहरीकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रायपुर से गुजरने वाली 10 लोकल और पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह से रद कर दिया गया है, जबकि एक प्रमुख जोड़ी ट्रेन को बीच रास्ते में ही शार्ट-टर्मिनेट कर दी गई हैं।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि भविष्य में रेल नेटवर्क को मजबूत करने, ट्रेनों की गति बढ़ाने और परिचालन को सुगम बनाने के लिए यह अधोसंरचना विकास कार्य बेहद जरूरी है। हालांकि, त्योहार के ठीक बीच में लिए गए इस निर्णय ने यात्रियों के सफर को चुनौतीपूर्ण जरूर बना दिया है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को त्योहारी सीजन या छुट्टियों के दिनों में ऐसे बड़े ब्लाक लेने से बचना चाहिए।
गणेश चतुर्थी और तीजा छत्तीसगढ़ के प्रमुख त्योहारों में शामिल हैं, जिसमें बड़ी संख्या में लोग ग्रामीण इलाकों से शहरी क्षेत्रों और एक शहर से दूसरे शहर आवाजाही करते हैं। दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और पर्व मनाने घर जा रहे यात्रियों के लिए लोकल ट्रेनें सबसे बड़ा और सुलभ साधन होती हैं। ऐसे समय में अचानक ट्रेनों का पहिया थम जाने से यात्रियों की सारी योजनाएं ध धरी रह गईं। लोग वैकल्पिक साधनों की तलाश में भटकते रहे।