नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी और दक्ष्रिणी हिस्से के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के मौसम में अगले कुछ दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसे मानसून पूर्व गतिविधि कहा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 4 जून से मेघगर्जन, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और तेज अंधड़ के साथ बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की प्रबल संभावना है। हालांकि, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में कोई विशेष उतार-चढ़ाव दर्ज नहीं किया गया है और आगामी 5 दिनों तक भी तापमान स्थिर रहने का अनुमान है।
उबल रहा राजनांदगांव, पेंड्रा की रात शीतल
पिछले 24 घंटे के दौरान राजनंदगांव अभी भी 42.0°सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। वहीं, पेंड्रा रोड की रात 22.0°सेल्सियस के साथ सबसे शीतल बनी हुई है। कुआकोंडा (दंतेवाड़ा) में 3 सेमी, कोरबा, पेंड्रा रोड 2-2 सेंटीमीटर, पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, सूरजपुर में 1- सेमी बारिश हुई है।
चेतावनी और आगामी पूर्वानुमान
आगामी 24 से 48 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, जीपीएम, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर का हाल
रायपुर शहर में 4 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने या अंधड़ चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास रहने का अनुमान है। इधर, राजधानी का आसमान सुबह से ही बादलों के घेरे में है।