
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज होने के बावजूद रायपुर समेत प्रदेशभर में गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार माना एयरपोर्ट में रविवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। राजधानी में दिनभर तेज धूप और उमस भरी हवाओं के कारण लोग बेहाल रहे।
हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक बनी द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर में सोमवार को आंशिक बादल और गरज-चमक के आसार हैं।
रायपुर के माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री और न्यूनतम 29.5 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों तापमान सामान्य से अधिक रहे। दिनभर तेज धूप और उमस के कारण सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। शाम के समय भी गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत मिले हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 14 हजार परिवारों का सपना अधर में... सितंबर तक नहीं बना 'पीएम आवास' तो अटक जाएगा आपका घर
प्रदेश में अगले दो दिनों तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं रहने की सलाह दी है। सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा भी दर्ज की गई है।