
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालोद। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम देवारभाट में अज्ञात चोरों ने हनुमान मंदिर और सुरूजडीहीवारीन मइया मंदिर के ताले तोड़कर भगवान के कीमती आभूषण और दानपेटी की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। दो मंदिरों में एक साथ हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज देख कर संदिग्धों की पहचान कर रहे हैं।
ग्रामीण मलेश कुमार कतलाम प्रतिदिन की तरह शाम को हनुमान मंदिर में पूजा करने के बाद ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले गए थे। सुबह जब वे दोबारा पहुंचे, तो ताला टूटा हुआ मिला और भगवान हनुमान के मस्तक पर सुशोभित लगभग 10 तोला वजनी चांदी का मुकुट गायब था।
हनुमान मंदिर में चोरी की सूचना फैलते ही सुरूजडीहीवारीन मैय्या मंदिर के पुजारी ढालसिंह उइके ने भी अपने मंदिर में चोरी होने की बात बताई। चोरों ने इस मंदिर के चैनल गेट और ज्योति कलश भवन का ताला तोड़कर लगभग 7 तोला वजनी चांदी का छत्र और दानपेटी में रखे नकद चुरा लिए।
एक ही रात में दो धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर बालोद थाने से प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशमा कुर्रे और सहायक उप निरीक्षक देव कुमार कोर्राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रार्थी मलेश कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।