
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। वीआइपी सिटी सड्डू में चोरों ने रक्षित केंद्र में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 5.85 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा आसमान की ओर कर दी, ताकि चोरी की गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। विधानसभा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक वीआइपी सिटी सड्डू सेक्टर-6 निवासी नागेंद्र सिंह रक्षित केंद्र रायपुर में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वह 30 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे पत्नी सुमित्रा देवी और बेटों राहुल सिंह व बलदेव सिंह के साथ अपनी बेटी सरिता सिंह के पास पटना, बिहार गए थे। इस दौरान उनका मकान सूना था।
चार अक्टूबर की सुबह नागेंद्र सिंह ने मोबाइल से अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का लाइव फुटेज देखा। इस दौरान कैमरे की दिशा मकान की तरफ होने के बजाय आसमान की ओर दिखाई दी। उन्हें संदेह हुआ कि कैमरे के साथ किसी ने छेड़छाड़ की है। उन्होंने तत्काल पड़ोसी अभिनय पांडेय और ओमकार राठौर को फोन कर घर जाकर देखने के लिए कहा। दोनों पड़ोसियों ने घर पहुंचकर बताया कि अंदर का दरवाजा खुला हुआ है और ताले टूटे हैं। इसके बाद नागेंद्र सिंह परिवार सहित पांच अक्टूबर को करीब दो बजे रायपुर पहुंचे और मकान की जांच की।
घर पहुंचने पर बेडरूम और वहां रखी आलमारी के अलावा ऊपर के कमरे और वहां रखी आलमारी के ताले टूटे मिले। चोरों ने दोनों आलमारियों को खंगालकर सोने और चांदी के जेवर निकाल लिए। चोरी गए सामान में चांदी की दो जोड़ी पायल, पुश्तैनी सोने की चेन, लक्ष्मी हार, एक जोड़ी कान के टाप्स, एक जोड़ी झुमका, सोने का मांगटीका और एक सोने का बिस्किट शामिल है। इन जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आलमारी में रखे 75 हजार रुपये और गुल्लक में रखी करीब 10 हजार रुपये की नकदी भी चोर ले गए। कुल चोरी की संपत्ति की कीमत करीब 5.85 लाख रुपये आंकी गई है।