
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। Chhattisgarh Weather: मानसूनी सिस्टम मजबूत होने से बुधवार को सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग के साथ ही दुर्ग व रायपुर संभाग के कुछ जिलों में भी भारी बारिश के आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि हालांकि प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। कुछ क्षेत्रों में तो आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में तो बूंदाबांदी भी हुई।
बादल छाने के साथ ही हवा भी ठंडी रही। पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से अन्नदाताओं में फिर से थोड़ी खुशी छाई है। प्रदेश के जलाशयों की स्थिति भी अच्छी हो गई है। एक जून से लेकर 21 सितंबर तक रायपुर में 851.7 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में सर्वाधिक बारिश सुकमा में 1489.0 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून सिस्टम के चलते अभी दो से तीन दिन मौसम का रुख इस प्रकार से ही रहेगा।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उसके आसपास है। साथ ही हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किमी ऊंचाई तक है। एक द्रोणिका इस निम्न दाब के क्षेत्र से तेलंगाना तक अंदरूनी ओडिशा होते हुए 3.1 किमी ऊंचाई तक है। उन्होंने बताया कि इसके प्रभाव से प्रदेश में बुधवार 22 सितंबर को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। उन्होंने बताया कि वैसे प्रदेश भर के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। मगर, सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।