नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में 28 सितंबर सोमवार को होने वाले गणेश झांकी चल समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। झांकी के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए सोमवार शाम छह बजे से झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल झांकी में शामिल वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं।
झांकी का चल समारोह शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेगा। इस पूरे मार्ग पर झांकी के आगे बढ़ने के साथ यातायात को आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक और जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
टाटीबंध से आने वालों के लिए
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबा बाजार, चौबे कालोनी, समता कालोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक होते हुए शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ी नाका मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
भनपुरी से आने वालों के लिए
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक से रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर जाने का विकल्प भी रहेगा।
तेलीबांधा से आने वालों के लिए
तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा कालीबाड़ी मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।
पचपेड़ी नाका से आने वालों के लिए
पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहन पचपेड़ी नाका चौक से टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक जा सकेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग
यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।
पंडरी की ओर से: मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
सिविल लाइन की ओर से: शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से: सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
गुढ़ियारी और समता कालोनी की ओर से: भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से: लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
शाम छह बजे के बाद झांकी मार्ग पर न जाएं
यातायात पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि 28 सितंबर को शाम छह बजे से झांकी चल समारोह समाप्त होने तक निर्धारित डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से बचें और ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य झांकी में शामिल श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाए रखना है।