Traffic Jam In Festive Season: रायपुर में त्योहारी सीजन में जाम, 10 मिनट के सफर में लग रहे एक घंटे
Traffic Jam In Festive Season: मुख्य चौराहों और बाजार में ई-रिक्शा और बड़े वाहन घुसकर स्थिति और जटिल कर रहे हैं।
By Kadir Khan
Edited By: Kadir Khan
Publish Date: Mon, 01 Nov 2021 01:20:00 PM (IST)
Updated Date: Mon, 01 Nov 2021 12:54:21 PM (IST)

Traffic Jam In Festive Season: रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। त्योहारी सीजन में शहर जाम से जूझ रहा है। पुलिस की ओर से जाम से निपटने की तैयारी की गई है, लेकिन भीड़ इतनी है कि 10 मिनट के सफर में लगभग एक घंटे लग रहे हैं। सुबह से शाम तक जनता को सड़क पर जाम का दंश झेलना पड़ रहा है। मुख्य चौराहों और बाजार में ई-रिक्शा और बड़े वाहन घुसकर स्थिति और विकराल कर रहे हैं।
त्योहारी सीजन पर बाजार में खरीदारी के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग एमजी रोड, गोलबाजार, सदरबाजार और पंडरी बाजार पहुंच रहे हैं। देहात क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग दीपावली की खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे में बाजार में अधिक भीड़भाड़ के चलते जाम लग रहा है। कई लोग चार पहिया और दोपहिया वाहन लेकर बाजार में खरीदारी करने आ रहे हैं। ये लोग बाजार में ही सड़क किनारे वाहन पार्क कर रहे हैं। ऐसे में बाजारों में रोजाना जाम लग रहा है। हालांकि बाजार में कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
रोका-छेका अभियान, 31 मवेशियों को पकड़कर भेजा गोठान
नगर निगम के रोका-छेका अभियान के तहत रविवार को काउकेचर वाहनों की सहायता से अलग-अलग स्थानों से 31 मवेशियों को पकड़कर गोठान में भेजा गया। नगर निगम जोन 10 के कमिश्नर और रोका-छेका अभियान के नोडल अधिकारी दिनेश कोसरिया ने बताया कि जोन एक ने गोगांव मुख्य मार्ग से पांच, जोन तीन ने पांच, जोन छह ने छह, जोन आठ ने आठ, जोन नौ ने तेलीबांधा और विधानसभा मार्ग से सात आवारा मवेशियों को पकड़कर फुंडहर गोठान भेजा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।