
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नवा रायपुर के सेंध लेक क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के प्रतिष्ठित सारंग एयर शो का एक और दो नवंबर को आयोजन होने जा रहा है। इस रोमांचक एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी असुविधा से बचने और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने एक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। दर्शकों की आवाजाही को पूरी तरह से सुगम बनाने के लिए तीन मुख्य प्रवेश मार्गों का निर्धारण किया गया है, साथ ही जिलेवार रूट और अलग-अलग पार्किंग स्थलों की भी रूपरेखा तय कर दी गई है।
आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार और बिलासपुर की दिशा से आने वाले दर्शकों और उनके वाहनों को सेरीखेड़ी-नवागांव मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा। वाहन उमरिया क्षेत्र से गुजरते हुए नवागांव रेलवे क्रासिंग को पार करेंगे और अंत में क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इन सभी वाहनों की पार्किंग के लिए स्टेडियम के नजदीक पी-सेवन से पी-टेन तक कुल चार पार्किंग स्थलों में होगी।
राजधानी रायपुर शहर के साथ-साथ धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव की तरफ से आने वाले दर्शकों के लिए अलग मार्ग तय किया गया है। इन क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को फुंडहर चौक, जैनम तिराहा, सेरीखेड़ी और एयरपोर्ट टर्निंग से आगे बढ़ना होगा। इसके पश्चात वाहन क्रिकेट स्टेडियम और सेक्टर-22 टर्निंग से कबीर चौक पहुंचेंगे। यहां से आगे बढ़कर अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते सेंध तालाब की ओर जाना होगा। इस रूट से आने वाले तमाम दर्शकों के वाहनों की पार्किंग के लिए पी-वन से पी-सिक्स तक के पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों जैसे कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, राजिम और अभनपुर की ओर से आने वाले दर्शकों को माना-तूता मार्ग से होते हुए सेक्टर-22 टर्निंग तक पहुंचना होगा। इसके बाद वाहन झांकी और उपरवारा मार्ग से गुजरते हुए कबीर चौक और फिर अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते अपने निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों तक सुरक्षित पहुंच सकेंगे। इस मार्ग के जरिए आने वाले लोगों को भी सुचारू यातायात का लाभ मिलेगा और वे बिना किसी ट्रैफिक जाम के सीधे कार्यक्रम स्थल के पास पहुंच सकेंगे।
प्रशासन ने इस बात का विशेष ध्यान रखा है कि दर्शकों को अपने वाहन खड़े करने के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। यातायात प्लान के तहत पार्किंग स्थलों को रूट के हिसाब से पूरी तरह विभाजित कर दिया गया है। पहला मार्ग से आने वाले वाहनों को स्टेडियम के बिल्कुल नजदीक पार्क करने की सुविधा मिलेगी, जबकि दूसरे और तीसरे मार्ग से आने वाले वाहनों को सेंध तालाब और पलौद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पी-वन से पी-सिक्स पार्किंग जोन में खड़ा कराया जाएगा।