
रायपुर (निप्र)। नए रेल बजट से दिल्ली जाने वाले छत्तीसगढ़ यात्रियों को राहत मिल सकती है। यह राहत किसी नई ट्रेन से नहीं, बल्कि पुरानी चलने वाली दो ट्रेनों के फेरे बढ़ाने से मिलेगी। दुर्ग से हफ्ते में तीन दिन चलने वाली छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति को रोज तथा बिलासपुर से चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस को हफ्ते में पांच दिन चलाने का प्रस्ताव रेल मंत्रालय को भेजा गया है।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राहुल गौतम ने मंगलवार को डब्ल्यूआरएस में फुटबाल प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों को इस बजट में राहत मिल सकती है। हमने बजट के लिए जो प्रस्ताव भेजा है, उसमें सबसे अहम छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति और छत्तीसगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली रूट में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ने के बाद हमारी कोशिश है कि उस रूट पर यात्रियों को राहत दी जाए। संपर्क क्रांति के हर दिन चलने से दुर्ग से बिलासपुर-शहडोल-कटनी मार्ग से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। इसी तरह राजधानी एक्सप्रेस के फेरे बढ़ने से उस रूट में पड़ने वाले दूसरे शहरों के यात्री भी राहत महसूस करेंगे।
दल्ली राजहरा एक्सप्रेस की जगह दूसरे रूट का राहत पहुंचाने की कोशिश
टिकट बुकिंग नहीं होने पर दल्ली राजहरा एक्सप्रेस को तीन महीने के लिए बंद करने पर डीआएम ने कहा कि यह सिर्फ कुछ दिनों के लिए है। इसे निरंतर बंद नहीं किया गया है। इसकी जगह नई ट्रेन शुरू करने पर उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि जिन रूट पर ज्यादा ट्रैफिक है, वहां इसकी जगह दूसरी ट्रेन चलाई जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि रायपुर-कोरबा लोकल नई टाइमिंग के साथ जल्द शुरू होगी।
फाफाडीह अंडर ब्रिज की मुश्किल होगी दूर
रेलवे की अनुमति नहीं मिलने की वजह से फाफाडीह वाल्टियर लाइन में कई दिनों से परेशानी झेल रही पब्लिक को भी इस बजट में राहत मिल सकती है। वाल्टियर लाइन में प्रस्तावित अंडर ब्रिज को इस बजट में रेलवे अनुमति दे सकता है। डीआरएम ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के आला अधिकारियों से बैठक के बाद इस परेशानी से रेल मंत्रालय को अवगत कराया गया है। इस बार पूरी संभावना है कि मंत्रालय इन परेशानियों को दूर करते हुए अंडर ब्रिज निर्माण की अनुमति दे दे।