
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। शहर में बेसहारा मवेशियों का आतंक लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है। नवरात्र के पहले दिन रविशंकर स्टेडियम से अभ्यास कर घर लौट रहीं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही दो युवतियों पर सांड ने हमला कर दिया। पचरीपारा के पास हुई इस घटना में शिवपारा निवासी हिमानी यादव (21) और मिलपारा निवासी दीपिका देवांगन (20) घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हिमानी और दीपिका पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही हैं। दोनों रोजाना की तरह रविशंकर स्टेडियम में अभ्यास करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान पचरीपारा के पास सांड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में हिमानी के सिर और हाथ में चोटें आई हैं, जबकि दीपिका के कमर, नाक, सिर और हाथ में चोट लगने की जानकारी मिली है। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और बस्तियों में घूमते मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सांड के हमले में दो युवतियों के घायल होने की घटना ने एक बार फिर घुमंतू मवेशियों को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों का कहना है कि सड़कों से मवेशियों को हटाने के लिए प्रभावी और नियमित कार्रवाई जरूरी है, ताकि राहगीरों को इस तरह के हमलों और दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।