
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राज्य के सीमेंट उद्योग में एक और बड़े निवेश की संभावना बढ़ गई है। जांजगीर-चांपा जिले के दो विशाल चूना पत्थर ब्लॉकों की नीलामी में निरमा समूह की कंपनी न्यूवोको विस्टास और मुंबई की इंद्रा कंस्ट्रक्शन ने खदानें हासिल की हैं। दोनों खदानों में कुल 57 करोड़ टन से अधिक चूना पत्थर का भंडार है।
खास बात यह है कि इंद्रा कंस्ट्रक्शन का प्रदेश में फिलहाल कोई सीमेंट प्लांट नहीं है। ऐसे में खदान मिलने के बाद यहां नया सीमेंट प्लांट स्थापित करने की संभावना जताई जा रही है। नीलामी में श्री सीमेंट, अल्ट्राटेक और अडानी सहित कई बड़ी कंपनियों ने भी रुचि दिखाई थी। प्रदेश में पहले से करीब दर्जनभर सीमेंट प्लांट हैं। देश के अग्रणी तीन सीमेंट उत्पादक राज्यों में शामिल छत्तीसगढ़ में नए निवेश से उद्योग का विस्तार होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- एसईसीएल गेवरा खदान को मिली बड़ी सौगात, देश की पहली 21 क्यूबिक मीटर इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक फेस शावेल मशीन
विभागीय सूत्रों के अनुसार, दोनों खदानों की प्री-बिड मीटिंग में करीब 25 कंपनियों ने हिस्सा लिया था। अंततः ढाबाडीह उत्तर ब्लॉक निरमा समूह की न्यूवोको विस्टास ने हासिल किया। कंपनी ने निर्धारित मूल्य से करीब 85 प्रतिशत अधिक बोली लगाई। वहीं, ढाबाडीह दक्षिण ब्लॉक मुंबई की इंद्रा कंस्ट्रक्शन के खाते में गया। कंपनी ने इसके लिए करीब 65 प्रतिशत अधिक बोली लगाई।
ढाबाडीह उत्तर ब्लॉक में 33.36 करोड़ टन और दक्षिण ब्लॉक में 23.66 करोड़ टन चूना पत्थर संसाधन दर्ज हैं। उत्तर ब्लॉक का क्षेत्रफल 414 हेक्टेयर और दक्षिण ब्लॉक का 394 हेक्टेयर है।
यह भी पढ़ें- CG POLITICS: रायपुर में गड्ढों को मिला भाजपा नेताओं का नाम, पोस्टर लगाकर कांग्रेस ने बोला हमला
न्यूवोको विस्टास के अकलतरा और सोनाडीह में पहले से सीमेंट प्लांट संचालित हैं। वहीं, इंद्रा कंस्ट्रक्शन के लिए यह खदान सीमेंट उद्योग में प्रवेश का रास्ता खोल सकती है। खनन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कंपनी यहां सीमेंट प्लांट लगाने पर विचार कर सकती है। हालांकि, इसके लिए परिवहन सुविधा भी महत्वपूर्ण होगी। दोनों ब्लॉक अकलतरा के निकट हैं और रेलमार्ग से करीब 25 किलोमीटर दूर हैं।