
रायपुर। पीलिया से मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। सोमवार की रात 11.30बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर में भर्ती एक और मरीज ने दमतोड़ दिया। रायपुर में इलाज के दौरान हुई यह 11वीं मौत है। वहीं दुर्ग के एक निजी अस्पताल में एक 22 वर्षीय महिला भी इस बीमारी का शिकार हो गई। दुर्ग जिले में भी यह 11वीं मौत बताई जा रही है। भौरा-दादर जिला, महासमुंद निवासी सुकांतिन सिद्दार और उसके पति बचन सिद्दार को तबियत बिगड़ने पर जिला अस्पताल महासमुंद से रायपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल में चले इलाज के बाद स्थिति बिगड़ने पर पति-पत्नी दोनों को रविवार की शाम अंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक सुकांतिन पीलिया से ग्रसित थी, और उसके पति को तेज बुखार था। अंबेडकर अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद ओपीडी से सुकांतिन को वार्ड नंबर-10 और उसके पति बचन को वार्ड नंबर 7में भर्ती किया गया।
सुकांतिन की मौत की खबर लगते ही 'नईदुनिया' की टीम रात 11.50 बजे अंबेडकर अस्पताल पहुंची। जहां सुकांतिन को मरे 20मिनिट से भी अधिक हो चुका था, लेकिन मृतका को कफन तक नसीब नहीं हुआ, न ही उसके शरीर में चढ़ी ड्रिप निकाली गई। वार्ड में सिर्फ दो नर्स के अलावा कोई नहीं था। इस परिवार के एक सदस्य गोपाल सिद्दार ने बताया कि उनके पास शव को घर ले जाने तक के पैसे नहीं हैं। वहीं दुर्ग में जिस महिला की मौत पीलिया से हुई उसका नाम जया राजपूत है, दो दिन पहले ही जया के 8महीने के बच्चे ने भी पीलिया से दम तोड़ा था। अब तक प्रदेश में 22 मौतें पीलिया से हो चुकी हैं।