
रायपुर। केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही उजाला योजना फ्यूज हो गई है। प्रदेश में ज्यादातर केन्द्रों पर एलईडी बल्ब मिलना बंद हो गया है। ईईएसएल कंपनी ने प्रदेश में एक करोड़ 36 लाख तीन हजार 474 एलईडी बल्ब पब्लिक को बेचा। नियम के मुताबिक तीन साल तक बल्ब फ्यूज होने पर कंपनी को वापस करना है। लेकिन कंपनी ने 99 फीसद सेंटर बंद कर दिया है। इसकी वजह से बल्ब के फ्यूज होने पर पब्लिक को धक्के खाने पड़ रहे हैं। विद्युत कंपनी एजेंसी के ऊपर दबाब बना रही है उसके बाद भी एजेंसी अधिकारियों की नहीं सुन रही है।
ज्ञात हो कि केन्द्र सरकार की तरफ से ईईएसएल यानी (एनर्जी एफिसिएंसी सर्विसेज लिमिटेड कंपनी) को बल्ब वितरण का जिम्मा दिया गया था। कंपनी ने वितरण तो ठीक किया, लेकिन इसके बाद की जिम्मेदारी से बच रही है।
एजेंसी द्वारा लगाए गए बल्ब फ्यूज हो रहे हैं। बल्बों को बदलवाने के लिए लोग बिजली दफ्तर, निगम कार्यालय के धक्के खा रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। विद्युत विभाग के अधिकारी भी उपभोक्ताओं को जबाब देने से बच रहे हैं। अधिकारियों के टाल-मटोल रवैये और अस्पष्ट जवाब से उपभोक्ता परेशान हैं।
सिर्फ एक जगह एलईडी बल्ब खरीदते हुए मिली पब्लिक
नईदुनिया की टीम गुरुवार को बिजली विभाग के बूढ़ापारा कार्यालय पहुंची। यहां पर ललित सोनी नामक युवक एलईडी बल्ब बेच रहा था। उसके पास दो तीन-डिब्बे थे। युवक ने बताया कि पंखा, ट्यूब लाइट और एलइडी बल्ब बेचा जा रहा था, लेकिन कई महीनों से पंखा और एलईडी ट्यूब बेचना कंपनी ने बंद कर दिया है।
रोज 130 बल्ब बिक रहे हैं। लेकिन अब लेने वालों से ज्यादा फ्यूज बल्ब वापस करने के लिए लोग आ रहे हैं। टीम लाखे नगर चौक पर स्थित सहायक यंत्री जोन पश्चिम के कार्यालय पहुंची। वहां पर बल्ब वितरण का काम एक साल से बंद है। इसके बाद टीम डंगनिया स्थित बिजली विभाग मुख्यालय पहुंची।
मुख्यालय में भी एलईडी बल्ब का काउंटर नहीं लगा था। अधिकारियों का कहना था कि एजेंसी बल्ब नहीं बदल रही है। विद्युत विभाग पिछल छह माह से एजेंसी के ऊपर दबाब बना रही है, लेकिन एजेंसी ध्यान नहीं दे रही है।
क्या है उजाला योजना
केन्द्र सरकार ने अप्रैल 2016 में उजाला योजना शुरू की थी, जिसका उद्देश्य जल्द से जल्द देश के हर घर में एलईडी बल्ब पहुंचाना था। इससे बिजली की खपत कम होगी और ऊर्जा को अधिक से अधिक बचाया जा सकेगा। सरकार ने इस योजना के तहत सस्ती दरों पर एलईडी बल्बों का वितरण शुरू किया था। यह एलईडी बल्ब बाजार से 40 प्रतिशत सस्ती दरों पर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं वीपीएल कार्ड धारियों को तीन-तीन एलईडी बल्ब मुफ्त में बांटे गए हैं।
फैक्ट फाइल
एजेंसी ने प्रदेश में इतने बल्ब बांटे
प्रदेश में कुल 10363474 बल्ब बांटे
- बीपीएल कार्डधारी- 4417038
- ईएमआइ पर- 1674260
- कैश- 1988914
- उजाला योजना के तहत प्रदेश में एजेंसी के माध्यम से एलईडी बल्ब बांटे गए हैं। मुझे जानकारी नहीं है कि ज्यादातर केन्द्र बंद हो गए हैं। बिजली विभाग के पास बल्ब नहीं बदलने की शिकायत आ रही है। - जेएस नेताम ईडी विद्युत वितरण कंपनी छत्तीसगढ़