यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उमेश पटेल युवक कांग्रेस अध्यक्ष घोषित
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर उमेश पटेल निर्वाचित घोषित हो गए हैं।
By Edited By:
Publish Date: Sat, 10 Sep 2016 09:34:33 AM (IST)Updated Date: Sat, 10 Sep 2016 09:36:05 AM (IST)

रायपुर, ब्यूरो। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर उमेश पटेल निर्वाचित घोषित हो गए हैं। उन्हें 13 हजार 61 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी चखेश्वर गढ़पाले को महज 4 हजार 02 मतों से संतोष करना पड़ा है। इस तरह पटेल ने 8 हजार 459 मतों की लीड हासिल की। चखेश्वर, महेंद्र गंगोत्री (3363), सजमन बाघ (1769) और रेणु मिश्रा (1229 मत) उपाध्यक्ष निर्वाचित किए गए।
महासचिव के रूप में सर्वाधिक 3135 वोट टीएस सिंहदेव समर्थित अनुपम फिलिप ने हासिल किए, लेकिन इनका चुनाव परिणाम अंबिकापुर में बोगस वोटिंग की शिकायत के कारण रोक दिया गया है। इनके अलावा संजीव शुक्ला (2210), दुर्गेश राय (2207), सुबोध हरितवाल (2159 मत) को महासचिव घोषित किए गए। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता धनेंद्र साहू के बेटे यशवंत साहू केवल 1456 वोट पा सके, लेकिन ओबीसी कोटे से उन्हें महासचिव घोषित किया गया। वहीं मिलिंद गौतम एससी कोटे से 436 वोट हासिल कर महासचिव घोषित किए गए।
सच हुआ नईदुनिया का दावा
उल्लेखनीय है कि नईदुनिया ने इस बात का सबसे पहले दावा किया कि उमेश पटेल को युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाना तय है। यह भी समाचार प्रकाशित किया कि 8 हजार मतों से लीड दिलाने एक युकां पदाधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। महासचिवों के परिणाम भी नईदुनिया के दावे के मुताबिक ही आए।