
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: वेदांता पावर प्लांट हादसे में एक और घायल (Vedanta Plant Accident) की मौत हो गई है। झारखंड निवासी मनीष कुमार, जो गंभीर रूप से घायल थे, ने रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतकों की संख्या में और इजाफा हो गया है।
रायगढ़ जिले के अलग-अलग अस्पतालों में फिलहाल 9 घायलों का उपचार जारी है। इनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है, लेकिन हर गुजरते पल के साथ परिजनों की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है।
जिले के जिंदल अस्पताल में 6 मरीज भर्ती हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के बाहर परिजन अपने अपनों के स्वस्थ होने की उम्मीद में डटे हुए हैं और लगातार दुआ कर रहे हैं।
इस भीषण हादसे में कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य को खो दिया है। अब तक कुल 35 मजदूर गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। इनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में अधिकांश पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं।
यह हादसा 14 अप्रैल की दोपहर वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर-1 में ट्यूब फटने से हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि बॉयलर की संरचना को भारी नुकसान पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में प्लांट में तकनीकी खामियों और लापरवाही के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि समस्याओं के बावजूद संचालन जारी रखा गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।