
रायपुर (राज्य ब्यूरो)। मतांतरण के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने चंगाई सभा से सचेत रहने को कहा है। विहिप के केंद्रीय मुख्य कोषाध्यक्ष रमेश मोदी ने कहा कि ईसाई धर्म प्रचारकों का समूह दुनियाभर के देशों में घूम-घूमकर आम लोगों के बीच ईसाइयत की शक्ति और उसके चमत्कारों का प्रदर्शन करता है। वे आदिवासी बहुल राज्यों में चंगाई सभा के नाम से शिविर लगाते हैं। यहां असाध्य बीमारियों को चुटकियों में ठीक करने का प्रहसन सा किया जाता है। इसकी वजह से भोले-भाले लोग खासकर आदिवासी प्रभावित होकर मतांतरण कर बैठते हैं।
मोदी ने कहा कि हर हिंदू को इससे जागरूक रहने की जरूरत है। दूसरों को भी इससे सावधान करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि आशीर्वाद से बीमारी दूर करने का दावा करने वाले इतने सक्षम हैं तो अब पोप को क्यों ठीक नहीं कर पा रहे हैं? यह एक ऐसा रैकेट है जो कि मतांतरण के नाम पर हिंदुस्तान को ईसाई राष्ट्र बनाना चाहते हैं। विहिप इसका घोर विरोध करता है।
परिषद लगातार कर रहा काम
रमेश मोदी ने कहा कि विहिप के कार्यकर्ता मतांतरण रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाते रहते हैं। प्रसिद्ध संत-महात्मा अपने प्रवचन में विविध धार्मिक कथाओं के जरिए जागरूक कर रहे हैं। विहिप कथावाचकों से भी अनुरोध करेगी कि वे कथा के दौरान श्रोताओं से हर हाल में अपने धर्म का पालन करने का संदेश दें। मतांतरण कराने वालों के प्रलोभनों से बचने के लिए सचेत करें।
जो भटकर चले गए हैं, लौट आएं: ओमप्रकाश
धर्म जागरण के प्रांत संयोजक ओमप्रकाश शर्मा ने कहा है कि उनका संगठन मतांतरण रोकने के लिए लगातार काम कर रहा है। जो भटककर चले गए हैं, उन्हें वापस करा रहे हैं। बहुत से लोग वापस भी हो रहे हैं। ऐसे लोगों को अपने धर्म का पालन करने का संदेश दिया जा रहा है।