रायपुर। Vidhan Sabha News : विधानसभा में मंत्री ताम्रध्वज साहू के विभाग पर कटौती प्रस्ताव में भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा ने रायपुर के स्काई वाक और एक्सप्रेसवे का मुद्दा उठाया। शिवरतन ने सवाल किया कि सरकार बनने के बाद पहले सत्र में स्काई वाक की चर्चा हुई थी, अब तक कोई फैसला नहीं हुआ।
एक्सप्रेस वे भी सवा दो साल में चालू नहीं हो पाया। मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि एक्सप्रेसवे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। इस पर शर्मा ने कहा कि एक्सप्रेस वे कब चालू होगा, क्या हुआ आपकी भी सेटिंग हो गई। शर्मा ने अपराध के आंकड़ों के साथ मंत्री साहू को घेरा।
उन्होंने कहा कि सुपारी देने की प्रथा छत्तीसगढ़ में शुरू हो गई है। बलात्कार को सरकार के एक मंत्री छोटा बता रहे हैं और गृहमंत्री का कोई खंडन तक नहीं आता है। सरकारी शराब दुकान में अवैध शराब बेची जा रही है।
शर्मा ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में पुलिस के कल्याण का वादा किया गया था, जिसे पूरा नहीं किया गया।
सरकार ने पुलिस कल्याण के लिए कितना शासकीय अनुदान दिया। साप्ताहिक अवकाश देने पर पुलिस बल की कमी को कैसे पूरा करेंगे। नक्सली अब कहने लगे हैं कि प्रदेश में हमारी सरकार है। वे अब तक 54 पुलिसकर्मी और 61 ग्रामीणों की हत्या कर चुके हैं।
नक्सलवाद को रोकने के लिए कोई कार्ययोजना नहीं है। जेल में बंद कैदियों के भोजन का मेन्यू बताने के बाद शर्मा ने कहा कि कैदियों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए। नास्ते में सिर्फ खिचड़ी दी जा रही है। मध्य प्रदेश में बहुत से सुधार हुए हैं, लेकिन प्रदेश में अब तक वहीं का नियम चल रहा है।
क्या कर रहा है खुफिया विभाग: धर्मजीत
विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि राजधानी में नकली नोट का कारखाना पकड़ा गया, खुफिया विभाग क्या कर रहा है। बाहरी प्रदेश में अपराधी को पकड़ने जाने वाली पुलिस को फंड नहीं दिया जाता। थानेदार अपने स्तर पर पैसे का इंतजाम करके भेजता है।
होमगार्ड को बंधुआ मजदूर से बदतर राशि दी जाती है। पुलिस की व्यवस्था और अच्छी हो सकती है, लेकिन राजनीतिक दबाव को कम करना होगा।
धर्मस्व ट्रस्ट के लोग करोड़ों की जमीन मनमाने तरीके से बेच रहे हैं। इसकी सुध लेने की जरूरत है। अपनी विधानसभा की मांग को रखते हुए धर्मजीत ने कहा कि खुड़िया डैम को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।
भाजपा राज में चिटफंड कंपनियों को लूट की थी छूट: मरकाम
विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा राज में चिटफंड कंपनियों को खुली छूट थी। मंत्री-विधायक चिटफंड कंपनियों के कार्यालय उद्घाटन में जाते थे। सरकार ने इस पर नकेल कसने का काम किया। बेगुनाह आदिवासियों को 15 साल तक जेल में बंद रखा गया, अब सरकार उनके मामलों को खत्म करने का काम कर रही है।
बेगुनाहों को नक्सली बताकर अंदर करने वालों को बाहर निकालने की हिम्मत भूपेश सरकार ने दिखाई है। रमन सरकार की नीतियों के कारण सुरक्षा बल के जवान आत्महत्या करने को मजबूर थे। भूपेश सरकार ने नक्सल क्षेत्र में तैनात जवानों को तीन महीने ड्यूटी के बाद सात दिन का अवकाश दिया।
मैदानी इलाकों में साप्ताहिक अवकाश दिया जा रहा है। मरकाम को केशव चंद्रा ने टोका। केशव ने कहा कि मैदान में एसपी के खिलाफ बयान देते हैं और यहां पुलिस की तारीफ कर रहे हैं। चर्चा में शामिल होते हुए कांग्रेस के सत्यनारायण शर्मा ने सरकार से आग्रह किया कि स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने उनके उत्पादों का उपयोग किया जाना चाहिए।
वृहस्पत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रनहत में पुलिस थाना खोलने की घोषणा की थी उसे इस बजट में शामिल करने का आग्रह किया। डा. लक्ष्मी धु्रव ने उनके क्षेत्र को दो बड़ी सड़कों की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस बजट में राज्य का विकास दिख रहा है।
कांग्रेस के ही आशीष छाबड़ा ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर धरसा तक के विकास और पुलिस के आधुनिकीकरण की चिंता की गई है। छन्न्ी साहू ने सुगम सड़क योजना की सराहना करते हुए कहा कि आज तक किसी भी सरकार ने इसकी दिशा में नहीं सोचा था। संगीता सिन्हा और श्री प्रकाश नायक ने भी बजट की सराहना की।
बजट केवल कागज का पुलिंदा: चंद्रा
बसपा के केशव चंद्रा ने बजट को कागज का पुलिंदा करार दिया। उन्होंने कहा कि बजट में घोषणा तो होती है, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल पाती है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी में बिलो रेट (कम दर) पर ठेका पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि इसकी वजह से सड़कों की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
साइबर क्राइम की जांच में देरी पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस को संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि थानों में दलाल सक्रिय हैं, इसकी वजह से पीड़ित वहां जाने से डरते हैं।