रायपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। अब सभी विभागों में शासकीय खरीदी ई-मानक पोर्टल सेप्स से ही होगी। चालू वित्तीय वर्ष में शासन ने खरीदी की तारीख 28 फरवरी भी तय कर दी है। कलेक्टर सौरभ कुमार ने सभी विभागों को राज्य के ई-मानक पोर्टल से ही सरकारी उपयोग की खरीदी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जेम पोर्टल से खरीदी नहीं करने कहा है।
दिशा निर्देश जारी
राज्य सरकार के उद्योग विभाग ने पहले ही जेम पोर्टल से खरीदी की तिथि 31 मार्च निर्धारित की थी। निर्धारित तिथि के बाद जेम पोर्टल से खरीदी नहीं करने के निर्देंश दिए थे। इस संबंध में समय-समय पर उद्योग विभाग द्वारा भी शासकीय विभागों को पत्र लिखकर जानकारी दी जा चुकी है। इसके अनुसार अब जेम से नहीं, ई-मानक पोर्टल सेप्स से ही खरीदी होगी। राज्य शासन ने दिशा निर्देश भी जारी कर दिया है।
31 मार्च तक पूरी करनी होगी खरीदारी
छत्तीसगढ़ शासन के भण्डार क्रय नियमों की सूची में शामिल वस्तुओं की खरीदी सीएसआइडीसी द्वारा निर्धारित दरों व शर्तों के आधार पर राज्य के ही आनलाइन पोर्टल से करना अनिवार्य किया गया हैं। इसके साथ ही जेम पोर्टल द्वारा खरीदी की प्रक्रिया को सभी विभाग प्रमुखों को 31 मार्च 2021 तक पूरा करने के निर्देंश भी दिए गए थे। उद्योग विभाग ने इसके बाद किसी भी शासकीय विभाग द्वारा 31 मार्च 2021 के बाद जेम पोर्टल से शासकीय खरीदी नहीं करने के भी निर्देंश जारी किए थे। शासन द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को केवल राज्य के ई-मानक पोर्टल से ही सरकारी खरीदी करने के निर्देंश जारी किए है। उन्होंने सभी शासकीय खरीदियों में शासन द्वारा निर्धारित नियमों तथा प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देंश दिए है।