Chhattisgarh Women Police : छत्तीसगढ़ में टोपी के बाद अब महिला पुलिसकर्मियों की बदलेगी ड्रेस
Chhattisgarh Women Police : छत्तीसगढ़ में पुलिस की टोपी का रंग बदलने के बाद महिला पुलिसकर्मियों की ड्रेस बदलने की तैयारी शुरू हो गई है।
By Prashant Pandey
Edited By: Prashant Pandey
Publish Date: Thu, 05 Sep 2019 07:25:10 AM (IST)
Updated Date: Thu, 05 Sep 2019 08:37:12 AM (IST)

रायपुर, नईदुनिया, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ में पुलिस की टोपी का रंग बदलने के बाद महिला पुलिसकर्मियों की ड्रेस बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। नीली वर्दी में नजर आने वाली महिला पुलिसकर्मी अब खाकी सलवार-कमीज में ड्यूटी करेंगी। महिला पुलिसकर्मियों की ओर से वर्दी का रंग बदलने के लिए दिए गए प्रस्ताव पर अब छत्तीसगढ़ पुलिस अमल करने जा रही है। स्पेशल डीजी आरके विज ने इसकी पुष्टि की और कहा कि जल्द ही महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी का रंग बदल सकता है।
विभाग की तरफ से यह प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है। प्रपोजल को हरी झंडी मिलते ही इसे अमल में लाया जाएगा। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा काफी समय से इसे बदलने की मांग की जा रही थी। पुलिस परामर्श और सलाहकार समिति की बैठक में इसका सुझाव भी दिया गया था। महिला पुलिस कर्मियों की ओर से तर्क दिया गया था कि आसमानी रंग के कपड़े सामान्य महिलाएं भी उपयोग कर रही हैं।
ऐसे में कभी-कभी पहचान में भी धोखे की स्थिति निर्मित हो जाती है। साथ ही आसमानी रंग की वर्दी पहनने के बाद महिला पुलिसकर्मियों में पुलिस वाली फीलिंग भी नहीं आती है और वे आम भीड़ का हिस्सा नजर आती हैं। यही वजह थी कि इसे बदलने का प्रस्ताव महिला पुलिसकर्मियों की ओर से विभाग को दिया गया था।