
रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। संस्कृति विभाग एवं श्री चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से वसुंधरा सम्मान समारोह का आयोजन 14 अगस्त को किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने निवास पर प्रदेश के साहित्यकार लेखक सतीश जायसवाल को 21 वें वसुंधरा सम्मान से सम्मानित करेंगे। यह आयोजन ग्रामसेवक स्व. देवी प्रसाद चौबे की 45 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर लोकजागरण की मासिक पत्रिका वसुंधरा के द्वारा किया जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत करेंगे। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी होंगे।
वसुंधरा सम्मान के संयोजक विनोद मिश्र एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि समारोह में प्रदीप चौबे, जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद साल 2001 से अब तक वसुंधरा सम्मान रमेश नैयर, कुमार साहू, श्यामलाल चतुर्वेदी, बसंत कुमार तिवारी, बबन प्रसाद मिश्र, दिवाकर मुक्तिबोध, आशा शुक्ला, शरद कोठारी, गिरिजा शंकर, हिमांशु द्विवेदी, विनोद शंकर शुक्ल, ज्ञान अवस्थी, श्याम वेताल, अभय किशोर, गिरीश पंकज, सुशील त्रिवेदी, बी के एस रे,प्रकाश दुबे, तुषार कांति बोस, ई वी मुरली को प्रदान किया जा चुका है।
109वें अंक का लोकार्पण
समारोह मे लोकजागरण की मासिक पत्रिका वसुंधरा के 58वें तथा कला, साहित्य, संस्कृति की मासिक पत्रिका बहुमत के 109वें अंक का लोकार्पण भी किया जाएगा। वसुंधरा का अंक छत्तीसगढ़ के 11 कहानीकारों की प्रतिनिधि कहानियों पर केंद्रित है।