
रायपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
छत्तीसगढ़ योग आयोग के नेतृत्व में सोमवार से पांच संभागीय योग जागरण यात्रा की शुरुआत हो रही है। दस दिनों तक लगातार चलने वाली इस यात्रा के माध्यम से प्रदेशभर के लोगों को योग क्रिया, उसके फायदे बताने के साथ 15 सौ योगी अनुलोम-विलोम सिखाएंगे। यात्रा की शुरुआत रायपुर स्थित महामाया मंदिर से सुबह दस बजे होगी। इसी तरह बाकी चार संभागों में भी शुरुआत होगी। इस दौरान राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया जाएगा। योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार यात्रा मार्ग के ग्रामीणों को योग क्रिया के अलावा स्वच्छता, व्यसनमुक्ति आदि के लिए जागरूक किया जाएगा, इसके लिए पुस्तक, पत्रक बांटने के साथ दीवार लेखन किया जाएगा। जहां रात्रि विश्राम होगा, वहां जनसमुदाय के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
योग के साथ रोगों का उपचार
योग जागरण यात्रा की शुरुआत पांच समूहों में पांचों संभागीय मुख्यालय रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर (बस्तर), अंबिकापुर (सरगुजा) से होगी। समापन 15 अगस्त को रायपुर में होगा। इसका उद्देश्य राज्य में आमजनों, युवाओं व विद्यार्थियों को रोजाना योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना और योगमय वातावरण का निर्माण करना है। इस दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सक, आयुर्वेदिक औषधि और नाड़ी विशेषज्ञ लोगों के रोगों का उपचार करेंगे।
संभागीय यात्रा में 300 प्रतिभागी
हर संभाग में यात्रा में 300 प्रतिभागी होंगे। यात्रा का नेतृत्व पांचों संभाग में छत्तीसगढ़ योग आयोग करेगा। दुर्ग में रवि श्रीवास, बिलासपुर से ब्रम्हाकुमारी मंजू दीदी, रायपुर में महाप्राण पुरोहित, जगदलपुर (बस्तर) में अजय सिंह बैस एवं अंबिकापुर में त्रिलोचन साहू यात्रा का मार्गदर्शन करेंगे। यात्रा के दौरान में योग रथ, 50 सीटर बस, इनोवा, चलता-फिरता मंच आदि की पूरी व्यवस्था होगी।