रायपुर के अमलीडीह में डीजे पर डांस को लेकर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या, नाबालिग पर आरोप
राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में स्वर्ण जयंती चौक के पास शनिवार रात चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात में 18 वर्षीय युवक गौरव सेन की चाकू मारकर हत्या कर ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 11 Oct 2026 09:04:38 AM (IST)Updated Date: Sun, 11 Oct 2026 09:05:58 AM (IST)
हत्या के बाद पुलिस की कार्रवाई की प्रतीकात्मक तस्वीर। -एआईHighLights
- रायपुर के अमलीडीह में युवक की नृशंस हत्या
- स्वर्ण जयंती चौक के पास फरार हुए हमलावर
- राजेंद्र नगर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध का ग्राफ थामने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह में सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में नाबालिग ने 18 वर्षीय युवक गौरव सेन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। रिहायशी इलाके के पास हुई इस खूनी वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात अमलीडीह के व्यस्त स्वर्ण जयंती चौक के समीप घटित हुई। शनिवार की रात गौरव सेन वहां मौजूद था, तभी डीजे पर डांस करने को लेकर युवक का नाबालिग से विवाद हो गया। नाबालिग ने उसपर धारदार चाकू से हमला कर दिया। जानलेवा हमले में गौरव गंभीर रूप से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
वारदात के बाद इलाके में मची अफरातफरी
चाकूबाजी की सूचना मिलते ही स्वर्ण जयंती चौक के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। गंभीर रूप से घायल गौरव सेन को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश या विवाद, पुलिस कर रही पड़ताल
सूचना पाकर राजेंद्र नगर थाना पुलिस और उच्चाधिकारी फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।