यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राजनांदगांव में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा से बदसलूकी का मामला, BJP नेताओं में आक्रोश
छत्तीसगढ़ के अवेली गांव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने जूतों की माला पहना दी। घटना से भाजपा नेताओं में आक्रोश है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में टीमों को लगाया गया है।
Publish Date: Fri, 06 Jun 2025 05:59:21 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Jun 2025 06:01:12 PM (IST)
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अपमान। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- अज्ञात लोगों ने प्रतिमा पर जूतों की माला डाली
- सुबह पांच बजे ग्रामीणों ने प्रतिमा की स्थिति देखी
- पूर्व विधायक व भाजपा नेता मौके पर पहुंचे
राजनांदगांव, नईदुनिया प्रतिनिधि। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के अवेली गांव में शुक्रवार सुबह एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहां पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जूतों की माला पहना दी। यह सुबह पांच बजे के करीब ग्रामीणों ने देखा, तो उन्होंने तत्काल जालबांधा पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक कोमल जंघेल समेत कई भाजपा नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
- थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
- भाजपा नेताओं ने इसे पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान के साथ किया गया गंभीर अपमान बताया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रतिमा के अपमान की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।