छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर बड़ी साजिश नाकाम, माओवादियों के गुप्त ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त
जंगल में छापा मारकर नक्सलियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। इनमें 100 सुतली बम, 12 क्लेमोर, राइफलें और माओवादी वर्दी शामिल हैं।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 06:47:43 PM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 06:47:43 PM (IST)
माओवादियों के गुप्त ठिकाने से जब्त भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटकHighLights
- गढ़चिरौली के माचुवांचा जंगल में नक्सलियों का ठिकाना ध्वस्त।
- 100 सुतली बम, 12 क्लेमोर और राइफलें हुईं बरामद।
- बीडीडीएस टीम ने मौके पर ही नष्ट किए विस्फोटक।
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, माओवादियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगल में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपा रखी थी। 27 अक्टूबर को चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) ने मौके से हथियारों सहित अन्य सामग्री जब्त की।
गढ़चिरौली पुलिस को वांगेटुरी क्षेत्र के माचुवांचा गांव के जंगल में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष अभियान दल की चार टुकड़ियों और बीडीडीएस की एक टुकड़ी को तलाशी के लिए रवाना किया गया। तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई।
भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मौके से 12 क्लेमोर, 12 बोर की एक राइफल, तीन सिंगल शाट राइफलें, एक एयर गन, एक बोतल आइईडी विस्फोटक, एक जीवित क्लेमोर विस्फोटक, एक वायरलेस माइक सेट, हथियारों की सफाई में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार, 100 सुतली बम और माओवादी वर्दी के पांच जोड़े कपड़े बरामद किए गए।
सुरक्षा कारणों से मौके पर ही नष्ट किए गए विस्फोटक
पुलिस ने बताया कि जब्त माओवादी सामग्री को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अभियान में शामिल विशेष अभियान दल, स्थानीय पुलिस और बीडीडीएस के जवानों की भूमिका की पुलिस अधीक्षक एम रमेश ने सराहना की।
सूचना, सर्च ऑपरेशन, जब्ती और नष्ट करने की कार्रवाई-
गुप्त सूचना: गढ़चिरौली पुलिस को वांगेटुरी के माचुवांचा जंगल में नक्सलियों द्वारा हथियार छिपाए जाने की पुख्ता खबर मिली थी।
संयुक्त दल रवाना: सूचना मिलते ही पुलिस और बीडीडीएस की विशेष टीमों को जंगल में तलाशी अभियान के लिए भेजा गया।
हथियारों की जब्ती: सघन सर्चिंग के दौरान जमीन के नीचे या झाड़ियों में छिपाकर रखे गए क्लेमोर, राइफलें और 100 सुतली बम मिले।
विस्फोटक नष्ट: सुरक्षा के मद्देनजर बीडीडीएस ने सभी खतरनाक विस्फोटकों को घटनास्थल पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।