
Chhattisgarh Lok Sabha Election 2024: प्रकाश वर्मा, नईदुनिया राजनांदगांव। प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में राजनांदगांव लोकसभा हाईप्रोफाइल सीट में शामिल है। यहां की पहचान भी अलग है। ऐसा इसलिए कह सकते हैं, क्योंकि राजनांदगांव लोकसभा के मतदाताओं ने अच्छे-अच्छे नेताओं को पटखनी देकर सांसद की कुर्सी से दूर कर दिया है। यहां अब तक 17 बार चुनाव हुए हैं, जिसमें से सात बार खैरागढ़ राजपरिवार के सदस्य सांसद चुने गए।
इस हाईप्रोफाइल सीट पर मुंबई के नेता तक चुनाव जीतकर संसद भवन पहुंच चुके हैं। पड़ोसी जिले दुर्ग के नेताओं ने भी इस सीट पर अपनी किस्मत आजमाई है। बड़ी बात तो यह है कि राजनांदगांव के मतदाताओं ने इन नेताओं को सांसद बनाया भी है। वर्तमान में राजनांदगांव सीट से भाजपा ने सांसद संतोष पांडे को दोबारा मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मैदान में है, जो दुर्ग संसदीय क्षेत्र से आते हैं।

राजनांदगांव से पहली बार वर्ष 1989 में भाजपा ने कांग्रेस की हैट्रिक रोकने दुर्ग के धरमपाल गुप्ता को चुनाव मैदान में प्रत्याशी बनाया था। इस सीट से कांग्रेस के शिवेंद्र बहादुर सिंह लगातार दो बार सांसद रह चुके थे, तीसरी बार भी वो मैदान में हैट्रिक की तैयारी में थे। लेकिन भाजपा के धरमपाल गुप्ता ने दो बार के सांसद रहे शिवेंद्र बहादुर को करीब 70 हजार वोटों से पराजित कर उनकी हैट्रिक रोक दी थी। हालांकि इसके बाद वर्ष 1991 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के शिवेंद्र बहादुर ने भाजपा के धरमपाल गुप्ता को हराकर अपनी हार का बदला भी ले लिया। इस तरह दुर्ग के धर्मपाल ने यहां से दो बार भाग्य आजमाया।
1999 में हारे थे कांग्रेस के दिग्गज नेता मोतीलाल वोरा
इसके बाद वर्ष 1998 में दुर्ग के दिग्गज नेता मोतीलाल वोरा ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी अशोक शर्मा को हराया, लेकिन सालभर बाद 1999 में हुए चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता मोतीलाल वोरा भाजपा प्रत्याशी डा. रमन सिंह से चुनाव हार गए। बता दें कि यह चुनाव काफी रोचक था। कांग्रेस दिग्गज नेता मोतीलाल वोरा के सामने भाजपा ने कवर्धा विधानसभा से विधायक चुनाव हार चुके डा. रमन सिंह को मैदान में उतारा था। आज भी इस सीट पर स्थानीय नेताओं के साथ दुर्ग-रायपुर के नेताओं की नजर रहती है। यानी दुर्ग के वोरा ने भी दो बार यहां से चुनाव लड़ा।