
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव : मंडप सज चुका था और हल्दी की रस्म भी पूरी हो गई थी। विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, लेकिन समय रहते जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने हस्तक्षेप कर बाल विवाह रुकवा दिया। मामला ग्राम बिरेझर, थाना सोमनी का है। जांच में वर की आयु महज 18 वर्ष पाई गई। परिजनों ने वर के 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक विवाह नहीं कराने का लिखित सहमति पत्र दिया है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय कुमार होता के मार्गदर्शन में जिले में बाल विवाह रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान ग्राम बिरेझर में बाल विवाह होने की सूचना प्राधिकरण के सचिव को मिली। निर्देश पर पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवाया।
टीम ने जांच के दौरान वर की आयु से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया, जिसमें उसकी उम्र 18 वर्ष होने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों और इसमें निर्धारित दंड की जानकारी दी गई। कम उम्र में विवाह से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव भी बताए गए।
समझाइश के बाद परिजनों ने अपनी गलती स्वीकार की और वर के 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक विवाह नहीं करने का संकल्प लिया। इस संबंध में लिखित सहमति पत्र लेने के बाद टीम ने बाल विवाह रुकवा दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम नागरिकों से बाल विवाह रोकने में सहयोग की अपील की है। कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्थानीय पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देने कहा गया है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत बाल विवाह दंडनीय अपराध है।