
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोलिहापुरी में पुरानी रंजिश के चलते दंपती पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे तामेश्वरी वर्मा की कपड़ा दुकान के सामने हुई। आरोपित ने महिला के पेट में लगातार तीन वार किए, जबकि बीच-बचाव में आए पति के हाथ में भी चोट आई। गंभीर हालत में दोनों को इलाज के लिए राजनांदगांव लाया गया, जहां महिला की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोलिहापुरी निवासी रामकुमार वर्मा अपनी पत्नी ईमला बाई के साथ कपड़ा खरीदने दुकान पहुंचे थे। दुकान से बाहर निकलते ही गांव के ही हीरा लाल वर्मा ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपित ने हाथ में रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया। बताया गया कि आरोपित ने महिला के पेट में एक के बाद एक तीन वार किए, जिससे वह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गई। पति ने बचाने का प्रयास किया तो उसके हाथ में भी चाकू लग गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 118(1) और 109 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित और पीड़ित परिवार के बीच जमीन और मकान को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपित पहले भी विवाद करता रहा है। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जिसने अचानक हिंसक रुप ले लिया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के कोरबा में दुल्हन को लेकर लौट रही कार के पलटने से मासूम की मौत, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल
घटना बाजार क्षेत्र में होने के कारण मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घायल दंपती को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की।