राजनांदगांव में खाद छिड़क रहे बुजुर्ग पर मधुमक्खियों का हमला, भागते समय औंधे मुंह खेत में गिरा, मौत
राजनांदगांव जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोंघेडबरी में खेत में खाद छिड़कते समय अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए भ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 14 Sep 2026 07:52:40 PM (IST)Updated Date: Mon, 14 Sep 2026 07:54:54 PM (IST)
राजनांदगांव में मधुमक्खियों के हमले का प्रतीकात्मक एआई विजुअल।HighLights
- मधुमक्खियों के हमले से बचने भागे बुजुर्ग
- धान के खेत में पानी के बीच मिला शव
- बेटी और नातिन हमले में हुए घायल
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घोंघेडबरी में मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले से जान बचाकर भाग रहे एक बुजुर्ग की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भनपुरी निवासी माखन वर्मा अपनी बेटी बोधंतिन वर्मा के घर घोंघेडबरी आए हुए थे और खेती-किसानी के कार्यों में उनका सहयोग कर रहे थे।
रविवार की सुबह लगभग 11 बजे माखन वर्मा अपनी बेटी और नातिन के साथ खेत में धान की फसल पर यूरिया और खाद का छिड़काव करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वहां अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने तीनों पर धावा बोल दिया।
भागने के दौरान पानी भरे खेत में हुआ हादसा
मधुमक्खियों के इस अचानक और भयानक हमले से घबराकर तीनों अपनी जान बचाने के लिए खेत से तेजी से भागने लगे। इस अफरा-तफरी के बीच बोधंतिन और उनकी बेटी किसी तरह अपनी जान बचाकर घायल अवस्था में गांव तक पहुंचने में सफल रहीं, लेकिन बुजुर्ग माखन वर्मा उनके साथ सुरक्षित बाहर नहीं निकल पाए। जब वे काफी देर तक घर या गांव नहीं लौटे, तो परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ने लगी।
खेत की तलाश में मिला बुजुर्ग का शव
अनहोनी की आशंका पर गांव के सरपंच और अन्य ग्रामीण तुरंत खेत की ओर दौड़े और बुजुर्ग की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद धान की फसल के बीच पानी भरे हिस्से में माखन वर्मा का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने प्राथमिक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तय होगा मौत का कारण
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग की मौत मधुमक्खियों के जहर से हुई, पानी में डूबने से हुई या फिर भागने के दौरान दिल का दौरा पड़ने से हुई है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।