राजनांदगांव में छेड़छाड़ मामले में जेल बंद आरोपी पर युवती ने लगाया दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप
राजनांदगांव में छेड़छाड़ के मामले में 13 जून से जेल में बंद आरोपी अशद कुरैशी के खिलाफ पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को नया आवेदन सौंपा है। पीड़िता ने आरोपी पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और लाखों रुपये ऐंठने के संगीन आरोप लगाते हुए मेडिकल जांच की मांग की है।
By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 02:45:45 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 02:45:45 PM (IST)
दुष्कर्म की प्रतीकात्मक तस्वीर। अर्काइव नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के अपराध में न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए आरोपी अशद कुरैशी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पीड़िता ने अब जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के समक्ष एक नया और सनसनीखेज आवेदन प्रस्तुत कर आरोपी पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग तथा लाखों रुपये की ठगी के गंभीर आरोप मढ़े हैं। पीड़िता ने इस मामले की नए सिरे से जांच करने, अपना पृथक बयान दर्ज करने और मेडिकल परीक्षण कराने की लिखित मांग की है।
13 जून को गिरफ्तार किया गया था आरोपी
मामले के अनुसार, 12 जून की शाम पठानपारा निवासी आरोपी अशद कुरैशी ने युवती के घर के सामने पहुंचकर गाली-गलौज की थी और विरोध करने पर उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी दी थी। बसंतपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन आरोपी के जेल जाने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने साथ हुए वर्षों पुराने शोषण की दास्तां पुलिस के सामने रखी है।
फेसबुक से हुई थी दोस्ती
एसपी को सौंपे गए शिकायत पत्र में युवती ने बताया कि वर्ष 2020 में फेसबुक के माध्यम से उसकी आरोपी से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि वर्ष 2023 में आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर अनाचार किया और इस दौरान चोरी-छिपे कुछ आपत्तिजनक अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद उन डिजिटल साक्ष्यों को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उसका लगातार शारीरिक और आर्थिक शोषण करने लगा।
पांच लाख रुपये और आभूषण लिए
युवती का दावा है कि लोक-लाज और भाइयों की जान के डर से उसने आरोपी को करीब 5 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण भी दे दिए थे। पीड़िता ने सारे डिजिटल साक्ष्य एक पेन ड्राइव में पुलिस को सौंपकर आरोपी का मोबाइल जब्त करने का आग्रह किया है।