
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए निजी क्षेत्र में करियर संवारने का अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 13 अक्टूबर को जिला स्तरीय एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी के 660 से अधिक रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
मेला 13 अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नगर पालिका सांस्कृतिक भवन, खैरागढ़ में आयोजित होगा। इस आयोजन में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा, अर्थात यह मेला पूरी तरह निश्शुल्क रहेगा।
मेले में शामिल होने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण रखी गई है। इसके अतिरिक्त 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक तथा अन्य तकनीकी डिग्रीधारी अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए पात्र होंगे। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। चयनित युवाओं को पद, कार्य अनुभव और योग्यता के आधार पर प्रतिमाह 8,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक का मानदेय व वेतन मिलेगा।
रोजगार मेले में विभिन्न कार्यक्षेत्रों की नामी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इनमें मुख्य रूप से फायर एंड सेफ्टी डिजास्टर मैनेजमेंट भिलाई, पुस्कल एग्रोटेक कवर्धा, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड रायपुर, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन अंजोरा (दुर्ग), फाइड दक्ष मरोदा भिलाई, ग्लोबल एचआर सॉल्यूशन रायपुर तथा स्टार आदर्श होम केयर सर्विस सोसायटी रायपुर शामिल हैं।
इच्छुक उम्मीदवारों का जिला रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन होना अनिवार्य है। साथ ही रोजगार मेला वेबपोर्टल पर भी पंजीयन कराना आवश्यक होगा। साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, निवास व जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट फोटो और सभी प्रपत्रों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों के दो सेट साथ लाने होंगे। चयन सीधे साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।