
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर संस्कारधानी राजनांदगांव सुरमयी शाम का गवाह बनने जा रही है। आगामी 15 अक्टूबर को शहर के दिग्विजय स्टेडियम में बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे। युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा ‘राग नांदगांव’ संगीत संध्या का यह भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, रात आठ बजे से शुरू होने वाले इस विशाल संगीत महोत्सव में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ मंत्रियों के शामिल होने की पूरी संभावना है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए दिग्विजय स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच तैयार किया जा रहा है। साथ ही शहरभर में दर्शकों के सुगम आवागमन और सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।
युवा वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि इस संगीत संध्या में 60 से 70 हजार संगीतप्रेमियों के उमड़ने की उम्मीद है। बड़ी तादाद में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गौरतलब है कि ‘राग नांदगांव’ ने बीते वर्षों में मध्य भारत के प्रमुख सांस्कृतिक मंचों में अपनी अलग पहचान बनाई है। इससे पहले इस मंच पर प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास, अभिनेता शैलेश लोढ़ा और मशहूर गायक कैलाश खेर अपनी यादगार प्रस्तुतियां दे चुके हैं।
भावेश बैद ने संगीतप्रेमियों से आग्रह किया है कि भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए दर्शक शाम छह बजे तक दिग्विजय स्टेडियम पहुंचकर अपना स्थान सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निश्शुल्क है। दर्शकों को आगाह किया गया है कि वे किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति से पैसे देकर पास न खरीदें और प्रवेश संबंधी आधिकारिक जानकारी के लिए केवल फाउंडेशन के माध्यमों पर ही भरोसा करें।