छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर आदमखोर बाघ का आतंक, ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से खदेड़ा
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर गढ़चिरौली और मोहला-मानपुर क्षेत्र के गांवों में आदमखोर बाघ के विचरण से भारी दहशत है। इसी बाघ ने 16 अगस्त को दोलंदा गांव में एक बुजुर्ग को मार डाला था। शनिवार और रविवार को बस्तियों के पास पहुंचे बाघ को ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और शोर मचाकर खदेड़ा।
Publish Date: Sun, 30 Aug 2026 08:55:56 PM (IST)Updated Date: Sun, 30 Aug 2026 08:55:56 PM (IST)
गट्टेपायली गांव के पास मिले बाघ के पदचिन्ह। सोर्स नईदुनियाHighLights
- बस्तियों के पास खुलेआम घूम रहा बाघ।
- दर्जनों गांवों में हाई अलर्ट जारी।
- सुबह-शाम जंगल की ओर जाने पर सख्त पाबंदी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र की सीमा पर बसाहट के करीब पहुंचे आदमखोर बाघ को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। घटना शनिवार शाम और रविवार सुबह की है। मोहला-मानपुर जिले के अंतिम छोर पर स्थित औंधी से आठ किमी दूर महाराष्ट्र के ही गढ़चिरौली जिले के गांव गट्टेपायली और हालेपायली के ग्रामीणों ने शनिवार की शाम लाठी-डंडे और शोर मचाकर बाघ को बसाहट से दूर भगाया।
रविवार की सुबह नवागांव के ग्रामीणों ने भी बाघ से खतरे को देखते हुए उसे खदेड़ दिया। यह बाघ पिछले तीन दिनों से इसी इलाके में भटक रहा है। अब तक वनअमला इसे रेस्क्यू कर सका है और न ही सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया है।
गढ़चिरौली के वनाधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। हालांकि इलाके में बाघ के पदचिन्ह भी मिले हैं। ये जरुर कहा जा रहा है कि ग्रामीणों से बाघ देखे जाने की सूचना मिली है और इसे देखते हुए इलाके को अलर्ट पर रखा गया है। मैदानी कर्मियों को निगरानी करने के निर्देश हैं। इसके साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कर सतर्क रहने की चेतावनी जारी की गई है। सुबह और शाम जंगल की ओर जाने से मनाही की गई है। दूसरी ओर भयग्रस्त ग्रामीणों के बीच बाघ से निजात न मिलने के चलते वनविभाग को लेकर आक्रोश भी है।
सीमावर्ती गांव भयग्रस्त
महाराष्ट्र के सीमावर्त गांव हालेपायली, गट्टेपायली, नवागांव, पेंदोडी, निडेली, तोड़के, कोहकाटोला, मुंदेली और नवागढ़ सहित दर्जनों गांव आदमखोर बाघ से भयग्रस्त हैं। लगातार आम रास्तों में बाघ की चहलकदमी बनी हुई है। शनिवार को औंधी से करीब आठ किमी दूर महाराष्ट्र सीमा से लगे हालेपायली-गट्टेपायली मार्ग पर सुबह करीब नौ बजे बाघ सड़क पार करता दिखाई दिया। इसके बाद शाम करीब पांच बजे मोरचूल-गट्टेपायली मार्ग पर गांव के नजदीक भी बाघ दिखाई देने की सूचना सामने आई।
दोलंदा में ग्रामीण को मारा था
बताया जा रहा है कि यह वही बाघ है जिसने औंधी की सीमा लगे महाराष्ट्र के दोलंदा गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति को मार डाला था। घटना 16 अगस्त की है जहां एटापल्ली तहसील के दोलंदा गांव में बाघ ने शौच के लिए गए हरी बोहरण वड्डे (57) पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। अब यही बाघ दूसरी बस्तियों की ओर घूम रहा है। जिसे इलाके में बाघ की मौजूदगी देखी जा रही है वहां स्कूली बच्चों की आवाजाही है। इसके चलते भी खतरा गढ़ गया है। मोहला-मानपुर वन अमला भी इस बाघ को लेकर अलर्ट पर है।