छत्तीसगढ़- महाराष्ट्र की सीमा के जंगल में जुआरियों के जमघट पर पुलिस का एक्शन: 31 हिरासत में, सवा करोड़ का सामान जब्त
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के कोरची तहसील स्थित गहनेगट्टा जंगल में चल रहे करोड़ों के जुए के अड्डे पर सी-60 और बेड़गांव पुलिस ने संयुक्त दबिश दी। कार...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 07:17:42 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 07:22:41 PM (IST)
जंगल से हिरासत में लिए गए जुआरी। - पुलिसHighLights
- जंगल के भीतर चल रहा था करोड़ों का जुआ
- पुलिस ने एक करोड़ 34 लाख का सामान जब्त
- 31 लोग हिरासत में और छह आरोपी फरार
नईदुनिया न्यूज, मोहला।: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में जंगल के भीतर चल रहे जुए के बड़े अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोरची तहसील के गहनेगट्टा जंगल में हुई कार्रवाई में पुलिस ने एक करोड़ 34 लाख 14 हजार 10 रुपये का कुल सामान बरमद किया है। 22 चारपहिया और छह दोपहिया वाहन समेत 28 वाहन जब्त किए हैं। मौके से 26 मोबाइल फोन और जुए की सामग्री भी मिली है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 31 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि छह लोग भाग निकले। कोरची थाने में फरार छह समेत कुल 37 आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
सी-60 कमांडोज भी शामिल रहे
पुलिस को सूचना मिली थी कि बेड़गांव पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र के गहनेगट्टा वन क्षेत्र में ताश पर बड़ी रकम का दांव लगाकर जुआ चल रहा है। इसके बाद पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश खोटेले के नेतृत्व में बेड़गांव पुलिस और सी-60 के जवानों ने जंगल में दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। छह लोग मौके से भाग निकले, जबकि 31 को पकड़ लिया गया।
राजनांदगांव, डोंगरगांव से दुर्ग-भिलाई तक के लोग
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में पकड़े गए लोगों में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, डोंगरगांव, डोंगरगढ़, छुरिया, राजनांदगांव, दुर्ग-भिलाई और चिचोला क्षेत्र के लोग शामिल हैं। हिरासत में लिए गए लोगों में शैलेंद्र कुमार साहू (26), निवासी बेलरगोंदी, छुरिया, जिला राजनांदगांव और मोहम्मद बसीर (48), निवासी वार्ड क्रमांक 12, राजनांदगांव शामिल हैं।
ये छह भाग निकले
पुलिस के अनुसार मौके से फरार आरोपितों में सोनू कांबले निवासी दुर्ग, इमरान शेख निवासी डोंगरगांव, बबलू खटीक निवासी भिलाई, रोहित साहू निवासी राजनांदगांव, बसंत सोनी निवासी दुर्ग और अबुल वर्मा निवासी राजनांदगांव शामिल हैं। इनकी तलाश की जा रही है।
नकदी के साथ 28 वाहन और 26 मोबाइल जब्त
पुलिस ने मौके से 1,34,14,010 रुपये का सामान जब्त किया गया है। इनमें 22 चारपहिया वाहन, छह दोपहिया वाहन, 26 मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और जुए में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में कोरची थाने में केस नंबर 0133/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।