मोबाइल अपडेट करने के लिए पॉपअप आया, कुछ देर बाद फोन ने काम करना बंद कर दिया, बाद में खाते से उड़ गए 1.98 लाख
मोबाइल में सॉफ्टवेयर अपडेट का पॉपअप आया और कुछ देर बाद फोन ने काम करना बंद कर दिया। मोबाइल सामान्य होने पर खाते से करीब दो लाख रुपये निकल चुके थे।
Publish Date: Thu, 24 Sep 2026 02:20:05 PM (IST)Updated Date: Thu, 24 Sep 2026 02:25:56 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। मोबाइल में सॉफ्टवेयर अपडेट का पॉपअप आया और कुछ देर बाद फोन ने काम करना बंद कर दिया। मोबाइल सामान्य होने पर खाते से करीब दो लाख रुपये निकल चुके थे। सोमनी थाना क्षेत्र के अंजोरा निवासी ईश्वर लाल साहू के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
अज्ञात आरोपित ने उनके खाते से तीन बार में 1,98,998 रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार 10 सितंबर को दोपहर करीब 12:45 बजे मोबाइल में अचानक सॉफ्टवेयर अपडेट का संदेश आया।
मोबाइल का टच और बटन काम नहीं कर रहे थे
सॉफ्टवेयर अपडेट का संदेश आने के बाद टच और बटन काम करना बंद हो गए। कुछ देर बाद फोन अपने आप चालू हुआ। 11 सितंबर को भी इसी तरह मोबाइल अपडेट होने लगा। हालांकि कुछ देर बाद मोबाइल ठीक हो गया।
दो लाख रुपये निकाले जाने का पता चला
संदेह होने पर पीड़ित ने गूगल पे से खाते का बैलेंस देखा तो 10 सितंबर को 48,999 और 49,999 रुपये तथा 11 सितंबर को एक लाख रुपये निकाले जाने का पता चला। बैंक पहुंचने पर हड़ताल के कारण बैंक बंद मिला।
इसके बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। सोमनी पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में पीएम राहत योजना के तहत सड़क हादसों के 1085 घायलों में से सिर्फ 124 को मिली मदद